किसानों और मजदूरों को मिलेगा 10 रूपये में भरपेट खाना

किसानों और मजदूरों को मिलेगा 10 रूपये में भरपेट खाना

हिसार। हरियाणा की आदमपुर और हांसी अनाज मंडियों में आज अटल किसान-मजदूर कैंटीनों की शुरूआत की गई। आदमपुर में कैंटीन हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड द्वारा शुरू की गई है जहां किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपए में भरपेट भोजन मिलेगा। जिले में यह दूसरी कैंटीन है। इससे पूर्व हांसी में भी आज इस प्रकार की कैंटीन खोली गई है जिसकी शुरूआत भारतीय जनता पार्टी विधायक विनोद भयाना ने की। आदमपुर में कैंटीन का संचालन प्रयत्न महिला कलस्टर संगठन द्वारा किया जाएगा। संगठन की महिलाओं को 25 रुपए प्रति थाली के हिसाब से अदायगी की जाएगी जिसमें से 10 रुपए ग्राहक देगा तथा शेष 15 रुपए सरकार देगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सीसवाल तथा चूली बागड़ियान की महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां आशा महिला स्वयं सहायता समूह ने सर्फ और साबुन तथा एकता महिला स्वयं सहायता समूह ने अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए थे। समूह द्वारा मास्क तथा हैंड सैनेटाईजर भी तैयार किए जाते हैं, जिनके बारे में उपमुख्यमंत्री ने विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इस अवसर पर राज्यमंत्री अनूप धानक भी उपस्थित थे।

उधर हांसी में कैंटीन के उद्घाटन अवसर पर विनोद भयाना ने कहा कि राज्य की 17 अनाज मंडियों में ये कैंटीनें खोली जा चकी हैं ताकि पैसों की कमी के चलते कोई भूखा न रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा की भाजपा नीति ने गरीबों, मजदूरों के लिये अटल किसान मजदूर कैंटीन खोलने का निर्णय लिया है। इन कैंटीन में सुबह 11 बजे से अपराहन तीन बजे तक खाना मिलेगा। कैंटीन में भोजन आदि का प्रबंध अनमोल महिला ब्लॉक संघ से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी। खाना बनाने और इसका प्रबंधन करने वाली सभी महिलाएं रहेंगी। फिलहाल कैंटीन में दोपहर के भोजन की व्यवस्था रहेगी। खाने में चार चपाती, दो सब्जी, चावल और सलाद उपलब्ध कराया जाएगा। खाना तैयार करने वाली महिलाओं के संघ को मार्किटिंग बोर्ड प्रति प्लेट 15 रूपए देगा तथा 10 रूपए ग्राहक को वहन करने होंगे।

epmty
epmty
Top