बाढ़ और भूस्खलन -6 रोहिंग्या सहित 8 की मौत

बाढ़ और भूस्खलन -6 रोहिंग्या सहित 8 की मौत

ढाका। बंगलादेश में कॉक्स बाजार जिले के उखिया, महेशखली और टेकनाफ उपजिलाओं में मंगलवार को बाढ़ और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में छह रोहिंग्या समेत आठ लोगों की मौत हो गयी।

उपायुक्त मोहम्मद मामुनूर राशिद ने बताया कि सभी घटनाएं आज सुबह हुई।

उखिया में सुबह करीब 10 बजे बालूखली रोहिंग्या कैंप-10 में भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। मृतकों की पहचान शाह आलम की पत्नी दिल बहार (42), उनका नौ वर्षीय बेटा शफीउल आलम, मोहम्मद यूसुफ की पत्नी दिल बहार (25), उनका तीन वर्षीय बेटा अब्दुर रहमान और उनकी बेटी आयशा सिद्दीका के रूप में की गयी है।

कैंप-8 में बाढ़ में बहार नामक के एक बच्चे की मौत हो गयी, लेकिन उसकी पहचान के बारे में अब तक जानकारी नहीं मिल पायी है।

अतिरिक्त शरणार्थी राहत एवं प्रत्यावर्तन आयुक्त शमसुजोहा नयन ने घटनाओं की पुष्टि की है।

महेशखली में उत्तरी सिपाहीपारा क्षेत्र में तड़के भूस्खलन के कारण एक किशोरी की सोने के दौरान मौत हो गयी। महेशखली यूनियन परिषद के अध्यक्ष जियाद बिन अली ने पुष्टि की कि मृतका मुर्शेदा अख्तर (14) स्थानीय निवासी अंसार हुसैन की बेटी थी।

टेकनाफ के मोनिरगोना गांव में भूस्खलन के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी। व्हाईकोंग यूनियन परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर नूर अहमद अनवारी ने बताया कि मृतक का नाम रकीम अली (48) था और वह इसी गांव का रहने वाला था।

वार्ता

epmty
epmty
Top