बढ़ती आबादी का असर- न्यूयॉर्क में दिवाली पर बंद रहेंगे स्कूल

नई दिल्ली। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में तेजी के साथ बढ़ रही भारतीय मूल के लोगों की बढ़ती आबादी के मद्देनजर अब दिवाली के मौके पर न्यूयॉर्क शहर में सरकारी छुट्टी रखी जाएगी।
शहर के मेयर एरिक ऐडम्स ने इस बात का ऐलान करते हुए कहा है कि इस साल दीपावली का त्योहार आगामी 12 नवंबर को मनाया जाना है। अगले साल से दीपावली के मौके पर न्यूयॉर्क शहर के स्कूलों में बच्चों की छुट्टी रहा करेगी।

न्यूयॉर्क प्रशासन की ओर से कहा गया है कि शहर में तकरीबन 200000 लोगों की आबादी ऐसी है जो दीपावली के पर्व को धूमधाम के साथ मनाती है। हालांकि इस साल का कैलेंडर पहले से ही घोषित किए जाने की वजह से इस बार न्यूयॉर्क के सरकारी स्कूलों में दीपावली की छुट्टी नहीं रहेगी, लेकिन अगले साल से विधिवत तौर पर स्कूलों में दीपावली की छुट्टी रखी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि दीपावली के त्यौहार को न्यूयॉर्क में रहने वाले हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध संप्रदाय के लोग धूमधाम के साथ मनाते हैं। मेयर एरिक ऐडम्स ने कहा है की न्यू यार एक ऐसा शहर है जो लगातार बदलाव की तरफ बढ़ रहा है और हम दुनिया भर के लोगों का अपने शहर में स्वागत करते रहे हैं। हमारे स्कूलों के कैलेंडर में शहर में जमीनी जो सच्चाई है वह वास्तविकता के तौर पर दिखनी चाहिए।