ASI से बलात्कार का आरोपी जजपा नेता मुंबई से गिरफ्तार

ASI से बलात्कार का आरोपी जजपा नेता मुंबई से गिरफ्तार

कैथल। हरियाणा के कैथल में एक सहायक उप पुलिस निरीक्षक (एएसआई) से बलात्कार करने और जबरन गर्भपात करवाने के मामले में आरोपी जननायक जनता पार्टी नेता संदीप गढ़ी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि गढ़ी को सीआईए-2 टीम ने मुंबई के जुहू से काबू किया गया है और कल उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने गढ़ी के अलावा उसे भागने में मदद करने के आरोप में सुरेंद्र उर्फ काला नामक शख्स को भी हिरासत में लिया है।

एएसआई ने पिछले महीने दर्ज कराई शिकायत में कहा था कि वह पति से अलग रह रही हैं और आरोपी के संपर्क में आई थीं, जिसने खुद को अविवाहित बताया। पीड़िता के अनुसार पहली बार उसने कोई नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार किया। उसके बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया में डालने की धमकी देकर यौन शोषण किया। पीड़िता के अनुसार जब वह गर्भवती हो गईं तो गढ़ी ने पत्नी व एक रिश्तेदार के साथ मिलकर उसका जबरन गर्भपात करवाया।

गढ़ी ने आरोप लगाया था कि यह 'हनी ट्रैप' का मामला है और उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। उसके अनुसार महिला ने उससे 20 लाख मांगे थे और इंकार करने पर यह शिकायत की।


वार्ता

epmty
epmty
Top