केजरीवाल प्रदेश को दिलवाएं पंजाब से हरियाणा के हिस्से का पानी: मूलचंद

केजरीवाल प्रदेश को दिलवाएं पंजाब से हरियाणा के हिस्से का पानी: मूलचंद

चंडीगढ़। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद को हरियाणा का बेटा कहते हैं और यदि वह हरियाणा के बेटे हैं तो प्रदेश को एसवाईएल का पानी दिलवाएं।

मंत्री मूलचंद शर्मा ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार और पंजाब में भी उनकी सरकार है। केजरीवाल हरियाणा के इतने हितैषी हैं तो वह हरियाणा का हक दिलवाएं और पंजाब से हरियाणा को एसवाईएल का पानी दिलवाने का काम करें।

मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा अपने किसानों के हिस्से का हक मांग रहा है। आज दक्षिण हरियाणा में पानी की काफी किल्लत है। इसके अतिरिक्त भी प्रदेश को खेती के लिए पानी की जरूरत है, हमें हमारे हिस्से का पानी मिलना चाहिए। हरियाणा अपना हक लेकर रहेगा। यमुना का साफ पानी दिल्ली सरकार अपने यहां इस्तेमाल करती है और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का पानी हरियाणा के लिए छोड़ दिया जाता है। इस वजह से गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल के लोगों को दूषित पानी मिलता है। इस दूषित पानी की वजह से इन जिलों में कैंसर के मरीज बढ़ रहे हैं। परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को जो काम दिल्ली में करना चाहिए, वे वहां नहीं करते और आम आदमी पार्टी को पंजाब में जो काम करना चाहिए वे पंजाब में नहीं करते।

परिवहन मंत्री ने कहा कि कार की पिछली सीट पर सीट बेल्ट लगाना सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद जरूरी है। हम सभी को अगली सीट के साथ-साथ पिछली सीट पर भी बेल्ट लगानी चाहिए। केंद्र सरकार ने भी इस संबंध में नियम बनाने के संकेत दिए हैं, जो यात्री की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। इससे हादसों में कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और हरियाणा प्रदेश तरक्की कर रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश का बिना भेदभाव के विकास करने का कार्य किया है। सोनीपत में मारुति के प्लांट का शिलान्यास किया है, वहां रेल कोच फैक्ट्री दी है। गुरुग्राम तेजी से तरक्की कर रहा है। प्रदेश का कोई जिला ऐसा नहीं छोड़ा है, जहां विकास कार्य नहीं किए जा रहे हैं।

वार्ता

epmty
epmty
Top