नरवाल को छह करोड़ और अडाना को चार करोड़ देगी हरियाणा सरकार

नरवाल को छह करोड़ और अडाना को चार करोड़ देगी हरियाणा सरकार

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने टोक्यो पैरालम्पिक खेलों में शनिवार को स्वर्ण जीतने वाले निशानेबाज मनीष नरवाल को छह करोड़ और रजत जीतने वाले सिंह राज अडाना को चार करोड़ रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

खट्टर ने नगद पुरस्कारों के अतिरिक्त दोनों पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी देने का भी वादा किया। नरवाल और अडाना दोनों हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। खट्टर ने कहा कि दोनों ने न केवल जिले और राज्य का बल्कि पूरे देश का नाम रौशन किया है।

गौरतलब है कि जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित किए जा रहे पैरालंपिक में भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल और सिंहराज ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपने देश को सोने और चांदी के पदक दिलवाए। मनीष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा एसएच-1 में गोल्ड मेडल जीता। इसी स्पर्धा में सिंहराज अडाना ने बेहतरीन निशाना साधते हुए रजत पदक के ऊपर अपना कब्जा जमाया।

भारतीय निशानेबाज मनीष ने फाइनल मुकाबले में 218.2 का स्कोर दर्ज किया, जबकि सिंहराज ने 216.77 और प्राप्त करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। इस स्पर्धा में रूस ओलंपिक समिति के सह सर्जेई मालिशेव ने 196.8 के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया। क्वालिफिकेशन में सिंहराज 536 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे थे। जबकि मनीष नरवाल 533 अंकों के साथ सातवें नंबर पर रहे। मनीष ने टोक्यो पैरा ओलंपिक में भारत को तीसरा स्वर्ण पदक दिलाने में सफलता प्राप्त की है। इससे पहले भारत की अवनी लेखरा और सुमित अंतिल भारत के लिए सोना जीत चुके हैं। यदि भारतीय निशानेबाज सिंहराज की बात की जाए तो उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में अपना दूसरा पदक जीता है। इससे पहले सिंहराज ने 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। उनके अवाला अवनि लेखरा भी दो पदक जीत चुकी हैं जिनमें एक स्वर्ण और एक ब्रांज मेडल शामिल है।

भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अब तक 15 पदक जीते हैं जिनमें तीन स्वर्ण, सात रजत और और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। पैरालंपिक में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मौजूदा समय में पदक तालिका में भारत 34वें स्थान पर है।


epmty
epmty
Top