स्वतंत्रता दिवस पर किसानों ने निकाली तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा

स्वतंत्रता दिवस पर किसानों ने निकाली तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा

हिसार। 75 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों द्वारा ट्रैक्टरों के माध्यम से तिरंगा यात्रा निकाली गई। जनपद के चारों टोल प्लाजा से शुरू होकर किसानों की तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा चौधरी छोटू राम चौक पर पहुंची और वहां से जिंदल चौक होते हुए लघु सचिवालय तक गई। इस दौरान तकरीबन 12 किलोमीटर से ज्यादा लंबा सड़क पर जाम लगा रहा। यात्रा समाप्ति के बाद यातायात को सुचारू करने में पुलिस के कसबल ढीले गये।

रविवार को देशभर में मनाई गई आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के मौके पर हिसार में किसानों द्वारा नए कृषि कानूनों के विरोध में ट्रैक्टरों के माध्यम से तिरंगा यात्रा निकाली गई। रविवार की सवेरे हिसार के चौधरीवास, चिकनवास माधोपट्टी और रायामण टोल प्लाजा से सैकड़ों किसान लाल बहादुर शास्त्री चौक पर जमा हुए थे। किसानों की यह तिरंगा यात्रा तकरीबन 12 किलोमीटर से भी ज्यादा लंबी थी। जिसमें आसपास के क्षेत्र के तकरीबन 3000 से ज्यादा ट्रैक्टर और किसान गर्मजोशी के साथ तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा में शामिल हुए थे। सवेरे तकरीबन 11.00 बजे शुरू हुई किसानों की इस तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा का अपरान्ह तकरीबन 3.00 बजे समापन हुआ। तिरंगा यात्रा के लिए किसानों ने अपने ट्रैक्टरों को भारत के राष्ट्रीय ध्वज व अन्य आजादी से संबंधित सामग्री से सजाया हुआ था। यात्रा में शामिल हुए किसानों के अनुसार आज तक देश के लिए जो भी जवान शहीद हुए हैं, वह सब किसान परिवार से ही थे। उन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए किसानों द्वारा यह तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकाली गई है। उन्होंने हुंकार भरी है कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए कृषि कानूनों के रद्द होने तक उनका संघर्ष लगातार इसी तरह जारी रहेगा।






epmty
epmty
Top