एचएमटी क्षेत्र का विकास मास्टर प्लान के तहत किया जाएगा: धामी

एचएमटी क्षेत्र का विकास मास्टर प्लान के तहत किया जाएगा: धामी

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को रानीबाग स्थित हिन्दुस्तान मशीन टूल्स (एचएमटी) फैक्ट्री का निरीक्षण किया और कहा कि महा योजना (मास्टरप्लान) तैयार कर इसका विकास किया जायेगा।

गौरतलब है कि 1982 में शुरू एचएमटी फैक्ट्री की 45.33 एकड़ भूमि को हाल ही में केन्द्र सरकार की ओर से राज्य सरकार के सुपुर्द की गयी है। वर्ष 2016 में फैक्ट्री का पूरी तरह से उत्पादन बन्द हो गया था।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इसका विकास मास्टरप्लान के तहत किया जाएगा। जिससे यहां के क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने आयुक्त दीपक रावत एवं जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल एवं अन्य अधिकारियों से बातचीत कर यहाँ के विकास की सम्भावनाओं पर विचार विमर्श किया।

इस दौरान फैक्ट्री कर्मचारियों द्वारा मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारियों की मांगों के समाधान का आश्वासन दिया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री सीधे सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचे और अस्पताल के निरीक्षण के साथ ही मरीजों एवं ओपीडी में आये बाह्य रोगियों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा यह कुमाऊं का सबसे बड़ा चिकित्सालय है। यहां पर्वतीय क्षेत्र के साथ ही उत्तर प्रदेश के रोगी अपना उपचार हेतु आते हैं। उन्होंने प्राचार्य डाॅ. अरूण जोशी को निर्देश दिये कि चिकित्सालय में आने वाले रोगियों को बेहतर उपचार दें।

उन्होेंने कहा चिकित्सालय में बेहतर सुविधाओं के लिए आवश्यक सामान का प्रस्ताव बनाकर शासन को प्रेेषित करें ताकि कार्यों हेतु शीघ्र धन आवंटित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर पर चौपाल का आयोजन कर जनता की समस्याओं का समाधान करें।

उन्होंने अधिकारियों से मनोयोग से कार्य कर जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर मेयर डाॅ. जोगेन्दर पाल सिह रौतेला, विधायक रामसिंह कैडा और जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

वार्ता

epmty
epmty
Top