कैबिनेट मंत्री ने किया डायट का शिलान्यास, विपक्षी पार्टियों पर बरसे

कैबिनेट मंत्री ने किया डायट का शिलान्यास, विपक्षी पार्टियों पर बरसे

थानाभवन। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान का शिलान्यास करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जितने विकास कार्य कराये जा रहे हैं, पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में कभी नहीं हुए। भाजपा का सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास का नारा पूरी तरह से फलीभूत हो रहा है। कहीं भी किसी तरह का कोई भेदभाव नहीं बरता जा रहा है। कृषि बिल का विरोध कर विपक्ष हार की खीज उतार रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विकास के नारे के आगे विपक्ष पूरी तरह से फेल है और अगले 30 सालों तक वह आराम करता रहेगा।


जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने जनपद शामली के गांव मारूखेड़ी में 7.50 करोड़ की लागत से बनने वाले जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (नवीन डायट) का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को शिक्षा व रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कहा कि पूर्व की सरकार के समय में कुछ चुनिंदा क्षेत्र को ही चमकाने व आगे बढ़ाने का काम किया गया, वहीं केंद्र व प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के देश-प्रदेश को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में कानून व्यवस्था इतनी खराब थी कि कब क्या हो जाये, कुछ नहीं कहा जा सकता था। महिलाओं के साथ छेड़खानी तो जैसे आम बात हो गई थी। लूट, चोरी, डकैती की घटनाएं जैसे रोजाना की बात हो गई थी। योगी सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया हे। गुंडों, अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। अब हिस्ट्रीशीटर खुद थानों में आकर अपराधों से तौबा कर रहे हैं। योगी सरकार ने गुंडाराज का सफाया कर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। विकास के मामले में अब उत्तर प्रदेश पूरे देश में नं. 1 का स्थान प्राप्त कर चुका है। सांसद प्रदीप चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि गठबंधन के समय सभी ने यह उम्मीद लगा रखी थी कि बीजेपी को किसी भी हालत में सत्ता में नहीं आने दिया जाएगा। लेकिन जनता ने भाजपा पर विश्वास जताते हुए पार्टी को कमान सौंपी। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है और उसी के तहत कार्य कर रही है।


कृषि कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री हमेशा से ही किसान हितैषी रहे हैं। सरकार ने किसानों के हित के लिए कृषि कानून बनाए हैं। लेकिन विपक्ष ने जब कृषि कानून बनाया जा रहा था, उस समय अपना विरोध दर्ज नहीं कराया और आज सड़कों पर किसान आंदोलन के नाम पर अपनी हार की खीज निकाल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से महिला सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत जनपद शामली के स्वयं सहायता समूह एवं ग्राम संगठन को तीन करोड़ अड़तीस लाख सात हजार पांच सौ रुपये का चैक दिया गया।

इस मौके पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, सीडीओ शम्भूनाथ, ठाकुर सोमबीर, नेता सिंह, मनोज पुंडीर, ठाकुर जयपाल सिंह, मंडल महामंत्री बॉबी शर्मा, हरि ओम भाई, जनेश्वर सैनी, प्रधान सतीश कुमार सैनी लोहारी, प्रधान विनोद सिंह उमरपुर, दुष्यंत चेयरमैन, मास्टर चंद्रपाल शर्मा ,राजेश पुंडीर, मास्टर राज सिंह पुंडीर, ओंकार सिंह कदरगढ़, संजय सिंह कदरगढ़ आदि मौजूद रहे।

epmty
epmty
Top