बाढ़ से प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न एवं अन्य राहत सामग्री की तत्काल व्यवस्था के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बाढ़ सम्भावित जनपदों में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को समय से खाद्यान्न एवं अन्य राहत सामग्री की तत्काल व्यवस्था कराने के निर्देश दिये हैं।
यह जानकारी सचिव राजस्व एवं राहत आयुक्त जी0एस0 प्रियदर्शी ने दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले जनपदों में खाद्यान्न एवं राहत सामग्री वितरण से जुड़ी तैयारियों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश सभी जिलाधिकारियों को दे दिये गये हैं। साथ ही यह भी निर्देश दिये गये हैं कि खाद्यान्न व राहत सामग्री प्रभावित परिवारों को तत्काल अभियान चलाकर वितरित किया जाना सुनिश्चित किया जायेगा।
जी0एस0 प्रियदर्शी ने यह भी निर्देश दिये है कि सभी जिलाधिकारियों द्वारा बाढ़ से बचाव और जनहानि को कम करने के लिए राहत व बचाव संबधी सभी उपकरणों की व्यवस्था तथा बाढ़ के लिए आवश्यक सभी प्रबन्ध कर लिये जाये। इसके साथ ही राहत सामग्री, पशुओं के लिए चारा व अन्य आवश्यक उपकरणों का प्रबंध समय से कर लिया जाये।