नेहरू की तस्वीर सदन से हटाने पर बवाल-नरेंद्र सिंह तोमर चुने गए अध्यक्ष

भोपाल। 16वीं विधानसभा के विशेष सत्र के तीसरे दिन नरेंद्र सिंह तोमर को सभी की सहमति से विधानसभा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। उधर विधानसभा के भीतर से पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर हटाने को लेकर जारी सियासत के बीच कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के पास धरना देकर बैठे हुए हैं।
बुधवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के भीतर से भारत के प्रधानमंत्री रहे पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर हटाने को लेकर जारी सियासत के बीच कांग्रेस विधायक पंडित जवाहरलाल नेहरू, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संविधान रचयिता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल की फोटो लेकर गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैठे हुए हैं। धरना देकर बैठे कांग्रेस विधायकों ने मध्य प्रदेश विधानसभा के भीतर से पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर हटाने का विरोध किया है। धरने के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस विधायकों ने बाबा साहेब अमर रहे के नारे बुलंद किए हैं। उधर मध्य प्रदेश की 16वीं विधानसभा के विशेष सत्र के तीसरे दिन आज बुधवार को नरेंद्र सिंह तोमर को सभी की सहमति से विधानसभा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है।राज्य विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर चंबल इलाके से चुने गए पहले विधानसभा अध्यक्ष हैं।