दो इस्तीफे हुए मंजूर- बदल दिए दर्जनभर से अधिक राज्यपाल

दो इस्तीफे हुए मंजूर- बदल दिए दर्जनभर से अधिक राज्यपाल

नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दो राज्यपालों के इस्तीफे स्वीकार करते हुए बड़े पैमाने पर राज्यपालों की नियुक्ति को मंजूरी देते हुए कई राज्यों के राज्यपाल बदल दिए हैं। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र के मौजूदा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर राधाकृष्णन माथुर के इस्तीफे स्वीकार करते हुए बड़े पैमाने पर नए राज्यपालों की नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी है।


बिहार और झारखंड समेत 13 राज्यों के गवर्नर एक ही झटके में बदल दिए गए हैं। लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर केवल्य त्रिविक्रम परनाईक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सिक्किम के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में सीपी राधाकृष्णन की नियुक्ति की गई है। शिव प्रसाद शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का नया गवर्नर बनाया गया है। असम के गवर्नर के रूप में गुलाबचंद कटारिया की तैनाती की गई है। अयोध्या केस का फैसला सुनाने वाली पीठ का प्रमुख हिस्सा रहे सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आंध्र प्रदेश के मौजूदा राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को अब छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।


छत्तीसगढ़ की मौजूदा राज्यपाल अनुसुइया उइके अब मणिपुर की राज्यपाल नियुक्त की गई है। मणिपुर के मौजूदा राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति दी गई है। हिमाचल प्रदेश के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अब बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैंस को महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद पर नियुक्ति की गई है। ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा रिटायर को लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर नियुक्त किया गया है।

epmty
epmty
Top