कोरोना के दूसरे डोज के लिए विशेष अभियान - शिवराज

कोरोना के दूसरे डोज के लिए विशेष अभियान - शिवराज

भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना वैक्सीन के दूसरे डोज के लिए तीन और पांच जुलाई को विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के जरिए आज कहा कि कोरोना से बचने के लिए और सुरक्षा चक्र को मजबूती प्रदान करने के लिए कोवैक्सीन और कोविशील्ड के दोनों डोज लेना आवश्यक है। राज्य में तीन जुलाई को कोवैक्सीन और पांच जुलाई को कोविशील्ड के दूसरे डोज के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट करते हुए कहा कि इन दिवसों में सिर्फ दूसरी डोज ही लगायी जाएगी। इसके लिए पात्र सभी नागरिकों से उन्होंने अपील की है कि वे दूसरी डोज अवश्य लगवाएं और कोरोना से सुरक्षा के चक्र को और सशक्त करें।

सवा सात करोड़ से अधिक आबादी वाले मध्यप्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पांच करोड़ 74 लाख से अधिक नागरिकों को कोरोना के दोनाें डोज लगाए जाने हैं। अब तक राज्य में दो करोड़ बारह लाख पचासी हजार आठ सौ से अधिक डोज लगाए जा चुके हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अब तक हैल्थ वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर्स वर्ग में दस लाख से अधिक को एक एक डोज और छह लाख अस्सी हजार से अधिक को दूसरा डोज भी दिया जा चुका है। इसके अलावा 18 वर्ष से 45 वर्ष के आयु वर्ग के नागरिकों में से बानबे लाख निन्यानवे हजार से अधिक को एक एक डोज और एक लाख उन्पचास हजार नागरिकों को दूसरा डोज भी दिया जा चुका है।

राज्य में 16 जनवरी से प्रारंभ हुए वैक्सीनेशन कार्य के तहत अब तक 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 84 लाख 17 हजार से अधिक नागरिकों को एक एक डोज दिया जा चुका है, जबकि 17 लाख 13 हजार से अधिक नागरिकों को दूसरा डोज भी लग चुका है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बार बार नागरिकों से अनुरोध कर रहे हैं कि कोरोना से बचाव का पुख्ता उपाय कोरोना वैक्सीन ही है और इसलिए सभी पात्र नागरिकों से वे इसे लगवाने की अपील भी कर रहे हैं। श्री चौहान नागरिकों से यह कहने में भी नहीं चूक रहे हैं कि कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद भी सबको कोरोना से बचाव के लिए मॉस्क, सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य उपाय करना है।

वार्ता

epmty
epmty
Top