चीनी मिल को फिर से शुरू करने की गुहार पर नीतीश ने दिया कार्रवाई का निर्देश

चीनी मिल को फिर से शुरू करने की गुहार पर नीतीश ने दिया कार्रवाई का निर्देश

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सीतामढ़ी जिले के रीगा चीनी मिल को एक बार फिर से शुरू करने की गुहार पर अधिकारियों को इस दिशा में उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सोमवार को यहां 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में सीतामढ़ी जिले से आए रंजीत कुमार मिश्रा ने गुहार लगाते हुए कहा कि रीगा चीनी मिल पुनः चालू किया जाए। इससे पांच हजार किसानों और मजदूरों को काफी लाभ होगा। क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने गन्ना (उद्योग) विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री से गोपालगंज जिला से आये गुड्डू प्रसाद ने शिकायत करते हुए कहा कि सासामुसा शुगर मिल ने किसानों का वर्ष 2017-18 से वर्ष 20202-21 तक खरीदे गये गन्ने के मूल्य का भुगतान नहीं किया है। बक्सर जिले से आई मंजू देवी ने आग्रह करते हुए कहा कि डुमरांव प्रखंड के नुआंव पंचायत में बक्सर-पटना फोरलेन सड़क बनाई जा रही है। इस सड़क में अंडरपास का निर्माण किया गया है लेकिन सर्विस रोड एवं नाला का निर्माण नहीं किया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मधुबनी जिले से आये तरुण कीर्ति ने गुहार लगाते हुये कहा कि बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ वर्ष-2020 के लिए मिलनेवाली फसल क्षति की राशि अबतक मुझे नहीं मिल पाई है। दरभंगा जिले से आयी सीता देवी ने गुहार लगाते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में उनके पति की मृत्यु हो गई और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क दुर्घटना के बाद मिलनेवाली सहायता राशि उन्हें अबतक नहीं प्राप्त हो सकी है।

मुख्यमंत्री से कैमूर जिले से आए मो. इस्लाम खान ने आग्रह किया कि भभुआ जिला मुख्यालय से उनके गांव पलका की दूरी चार किलोमीटर है। जिला मुख्यालय से उनके गांव तक सड़क का निर्माण कराया जाए। इस सड़क के बन जाने से मुंडेश्वरी धाम जाने की दूरी कम हो जाएगी और शहर का फैलाव भी दक्षिण दिशा की तरफ होगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भागलपुर से आयी रीता सिंह ने गुहार लगाई कि उनके पति सरकारी सेवा में थे। सेवाकाल के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गयी लेकिन मृत्यु के उपरांत बकाये वेतन का भुगतान, पारिवारिक पेंशन एवं अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति नहीं हो पायी है।

मुख्यमंत्री से कैमूर जिला से आये घनश्याम कुमार ने गुहार लगाई कि चांद प्रखंड स्थित किलनी ग्राम के दलित-महादलित टोले का संपर्क मुख्य ग्रामीण सड़क से नहीं है। संपर्क पथ का निर्माण कराया जाय, जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। नालंदा जिले से आयी अर्पणा कुमारी सिन्हा ने आग्रह किया कि उनकी रैयती जमीन पर अनुचित तरीके से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके कारण खेती करने में असुविधा हो रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिवहर जिला से आये परमेंद्र कुमार ने शिकायत करते हुए कहा कि शिवहर थाना के समीप मुख्य पथ पर असामाजिक तत्वों द्वारा अतिक्रमण कर आवागमन को बाधित किया जा रहा है। इस तरह मुख्यमंत्री ने जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे 78 लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, जल संसाधन सह सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मो. आफाक आलम, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज, विधि मंत्री शमीम अहमद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आर. एस. भट्ठी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह तथा वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा उपस्थित थे।

epmty
epmty
Top