साढ़े चार वर्ष में नाबालिग लड़कियों के अपहरण के 27 हजार से अधिक मामले

साढ़े चार वर्ष में नाबालिग लड़कियों के अपहरण के 27 हजार से अधिक मामले

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में आज सरकार ने कहा कि साढ़े चार वर्ष की अवधि में राज्य में नाबालिग लड़कियों के अपहरण के 27,827 मामले और महिलाओं के अपहरण के 854 मामले दर्ज किए गए।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा महिलाओं की हत्या के वर्ष 2017 में 549, 2018 में 583, 2019 में 577, 2020 में 633 और 01 जनवरी 2021 से 30 जून 2021 तक 321 मामले दर्ज किए गए।

मंत्री ने कहा कि प्रश्नाधीन अवधि में महिलाओं के साथ दुष्कर्म के कुल 26,708 और गैंगरेप के 37 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा नाबालिग के अपहरण के 27,827 और महिलाओं के अपहरण के 854 मामले सामने आए।

गृह मंत्री ने कहा कि इन प्रकरणों के मामले में कुल 16,038 व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है और इनमें से कुल 1353 आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।


वार्ता

epmty
epmty
Top