भारतीय संस्कृति प्रदर्शन पर नहीं दर्शन पर आधारित है: डॉ़ दिनेश शर्मा

भारतीय संस्कृति प्रदर्शन पर नहीं दर्शन पर आधारित है: डॉ़ दिनेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ़ दिनेश शर्मा ने भारतीय संस्कृति की विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति पश्चिमी देशों की तरह प्रदर्शन पर नही बल्कि दर्शन पर आधारित है।

यहां ब्राह्मण परिवार लखनऊ के 16वें स्थापना दिवस समारोह को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में सम्बोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने ब्राह्मण को एक विचारधारा बताते हुए कहा कि यह राष्ट्र की परम्पराओं का पोषण करने के साथ ही मानव के कल्याण की कामना करती है। यह सबके सुख में अपने सुख को देखती है। भारतीय संस्कृति के उत्थान के लिए सर्वस्व निछावर करने वाले समूह को ब्राह्मण कहते हैं। यह भिक्षाटन करके अल्प सुविधाओं में जीवनयापन करता था परन्तु विभिन्न वर्गो को जोडने का काम करता था। इस समुदाय का समाज में विशेष स्थान एवं सम्मान है।

संस्कार, समर्पण, समन्वय, इस वर्ग की पहचान है। धर्म का अनुरक्षण करने का कार्य यही समुदाय करता है। आज समाज के हर व्यक्ति को अपनी पहचान पर गर्व करने के साथ ही सबको साथ लेकर चलना होगा। पूर्व के समय में माता पिता के चरण स्पर्श करके आर्शीवाद लेने के बाद ही घर से निकला जाता था पर आज आधुनिकता की दौड में यह संस्कृति खो गई है। घर का वातावरण बदल रहा है। आज नई पीढी को संस्कार देने की जरूरत है। विपक्ष पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि आज मौसमी रामभक्त पैदा हो गए हैं। ये हनुमान चालीसा याद करके आ रहे हैं क्योंकि उन्हे राष्ट्र की शक्ति पता चल गई है। इन्हे देश की व्यवस्था भी पता चल गई है। ब्राह्मण कुछ चाहता नहीं है बल्कि त्याग का दूसरा नाम ही ब्राह्मण है। वह राष्ट्र की मजबूती, भारत की संस्कृति धर्म व संस्कार का संरक्षण व सम्मान चाहता है जिसे देने का काम वर्तमान सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में संस्कृत विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदो को पारदर्शी व्यवस्था के तहत भरा है। रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में ज्योतिष , कर्मकांड, योग और प्राकृतिक चिकित्सा आदि को भी जोडा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक ,सांसद अशोक बाजपेई , सांसद रीता बहुगुणा जोशी , राज्य मंत्री स्वाती सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक सुरेश चन्द्र तिवारी , विधायक अविनाश त्रिवेदी, अध्यक्ष रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन सेंटर सुधाकर त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, वीरेन्द्र तिवारी, नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, पूर्व एमएलसी अरविंद त्रिपाठी, ब्राह्मण परिवार के केन्द्रीय अध्यक्ष शिव शंकर अवस्थी, महासचिव सुरेश कुमार त्रिपाठी, सचिव राम केवल मिश्र आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


वार्ता

epmty
epmty
Top