गन्ना मूल्य बढ़ाने पर किसानों ने धामी का व्यक्त किया आभार

गन्ना मूल्य बढ़ाने पर किसानों ने धामी का व्यक्त किया आभार

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गन्ना मूल्य बढ़ाये जाने के बाद मंगलवार को उनके सरकारी आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द के नेतृत्व में प्रदेश के किसानों के प्रतिनिधिमण्डल ने उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भी उपस्थित थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गन्ने की अगेती प्रजाती का मूल्य 355 रुपये प्रति क्विंटल (कुन्तल) तथा सामान्य प्रजाति का मूल्य 345 रुपये प्रति कुन्तल किया गया है। जिससे प्रदेश के लाखों किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि सितारगंज किसान सहकारी मिल का शुभारम्भ होने से हजारों किसान सीधे लाभान्वित होंगे। भविष्य में वहां एथेनॉल और बिजली का उत्पादन भी होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा "किसान परिवार से होने के नाते मैं किसानों के दर्द को भली भांति जानता हूं। किसान हमारे अन्न दाता हैं। किसानों के हित में जो सम्भव हो, वे निर्णय लिये जायेंगे।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृष्टिकाेण रहा है कि देश का किसान आर्थिक रूप से सशक्त हो। किसानों के लिए केन्द्र सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान सम्मान निधि एवं अनेक योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के पदचिह्नों पर चलकर राज्य में विकास के कार्य आगे बढ़ाये जा रहे हैं। वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य बढ़ाने का जो फैसला लिया है। यह प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए सराहनीय कार्य है। उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कैबिनेट मंत्री आर्या ने कहा कि गन्ना किसानों के हित में मुख्यमंत्री ने बड़ा निर्णय लिया है। इस फैसले से किसानों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दे रही है।


वार्ता

epmty
epmty
Top