DY CM केशव प्रसाद मौर्य ने बुलंदशहर को दी सौगात, सड़को का बिछेगा जाल

DY CM केशव प्रसाद मौर्य ने बुलंदशहर को दी सौगात, सड़को का बिछेगा जाल

बुलंदशहर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने सहयोगी मंत्रियों गन्ना मंत्री सुरेश राणा, जनपद के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया, स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल, राज्य मंत्री अनिल शर्मा के साथ बुलंदशहर में आकर तीन दर्जन सड़कों का लोकार्पण एंव शिलान्यास कर सड़को के जाल बिछाकर जनपदवासियो को सौगात दी है। इसके साथ साथ उन्होंने वीर विजय सिंह पर्थिक हर्बल वाटिका में नीम, बेल एवं रूद्राक्ष का पौधा रोपित भी किया।


गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश में सड़कों के किनारे रिक्त स्थानों पर पर्यावरण को सुरक्षित एवं हरा-भरा बनाये रखने के उद्देश्य से भूड़ चौराहे के समीप एवं हाईवे मार्ग के तिराहे पर वीर विजय सिंह पथिक हर्बल वाटिका विकसित की गई। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीर विजय सिंह पर्थिक हर्बल वाटिका में नीम, बेल एवं रूद्राक्ष का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि हर्बल वाटिका वीर क्रान्तिकारी विजय सिंह पथिक जी के नाम पर विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि इस हर्बल वाटिका के माध्यम से हमें वीरों को नमन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। अतः हर्बल वाटिका में क्रान्तिकारियों की प्रतिमा स्थापित की जाये जिससे लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा मिल सके।


उसके बाद स्नेहा गार्डन डीएम रोड पर लोक निर्माण विभाग द्वारा जनपद में विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एंव शिलान्यास कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद में लोक निर्माण विभाग की 15 सड़कों जिनकी लम्बाई 56.545 किमी0 तथा लागत रू0 6243.140 लाख का लोकार्पण एवं 21 सड़कों जिनकी लम्बाई 88.575 किमी लागत रू0 2699.76 लाख है, का शिलान्यास किया। जनपद में कुल 145.12 किमी0 लम्बाई तथा लागत रू0 8942.900 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण एंव शिलान्यास किया गया।


कार्यक्रम में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं में समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर स्तर पर प्रयास कर संक्रमण रोकने का प्रबन्ध किया गया है तथा कोविड अस्पतालों के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध करायी जा रहा है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हम सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा फेस मास्क, हेण्ड सेनेटाइजर सहित अन्य उपाय करते हुए स्वयं एवं अपने परिवार, आस-पास के लोगों को बचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में इस कोरोना काल में भी विभिन्न लाभकारी योजनाओं के माध्यम से विकास के पथ पर आगे बढ़ा जा रहा है।


डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम में सदर विधायक स्व0 वीरेन्द्र सिंह सिरोही को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके जाने से एक अपूर्णीय क्षति हुई है। वह सदैव क्षेत्र के विकास के लिए अग्रसर रहे हैं। उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र में आमजनों की समस्याओं के दृष्टिगत धमैड़ा के पास काली नदी पर पुल बनाये जाने की मांग की गई थी जिसे सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है , जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने स्व0 वीरेंद्र सिरोही को याद करते हुए उनकी यादों को जीवन्त रखने के लिए कहा कि वर्तमान पीढ़ी एवं आने वाली पीढ़ी को विधायक जी की स्मृति के लिए कचहरी से चांदपुर रोड को सिरोही मार्ग के नाम से करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनपद में आज 36 परियोजनाओं का लोकार्पण एंव शिलान्यास किया गया है। जनपद में बुलन्दशहर-अनूपशहर मार्ग का निर्माण लगभग 172 करोड की लागत से कराया गया है जिससे जनपदवासियों को लाभ मिल रहा है।


डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उ0प्र0 सरकार द्वारा छात्रों का उत्साहवर्धन किये जाने के उद्देश्य से मेधावी छात्रों के घर तक लोक निर्माण विभाग द्वारा डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम पथ के नाम से छात्र की फोटो एवं नाम अंकित किये जाते हैं। साथ ही जिस विद्यालय में मेधावी छात्र पढ़ते हैं यदि वहां विद्यालय की सड़क सही नहीं है तो उन्हें तैयार किया जा रहा है। इसी प्रकार प्रदेश सरकार द्वारा खेल में स्वर्ण पदक जितने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाये जाने के लिए मेजर ध्यान चन्द पथ के नाम से खिलाड़ी की फोटो नाम सहित सड़क बनायी जा रही है। जनपद बुलन्दशहर में बाॅक्सिंग खिलाड़ी सतीश, क्रिकेट में भुवनेश्वर कुमार, नोकायन एशिया में स्वर्ण पदक विजेता शान्ति स्वरूप एवं कबड्डी में अभिषेक सिंह द्वारा जनपद का नाम रोशन किये जाने पर इनके घर तक सड़क का निर्माण किया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सीमा पर देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहूति देने वाले ऐसे वीर जवानों को श्रद्धांजलि दिये जाने के लिए जय हिन्द वीर पथ योजना के अन्तर्गत घर तक सड़क बनायी जा रही है। इसी क्रम में जनपद बुलन्दशहर के ग्राम परवाना के निवासी हन्दवाड़ा में शहीद हुए कर्नल आशुतोष शर्मा के पैतृक आवास तक सम्पर्क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश में सड़कों के किनारे रिक्त स्थानों पर पर्यावरण को सुरक्षित एवं हरा-भरा बनाये रखने के उद्देश्य से हर्बल पार्को की स्थापना करते हुए सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसी के क्रम में भूड़ चौराहे के समीप एवं हाईवे मार्ग के तिराहे पर हर्बल गार्डन विकसित किया रहा है।


लोक निर्माण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गन्ना मंत्री सुरेश राणा, जनपद के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया, स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल, राज्य मंत्री अनिल शर्मा, पश्चिमि उ0प्र0 अध्यक्ष मोहित बेनिवाल, सांसद डाॅ0 भोला सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल सिशौदिया द्वारा संबोधित करते हुए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आज जनपद बुलन्दशहर में परियाजाओं के लोकार्पण एंव शिलान्यास किये जाने पर मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन, विधायक देवेन्द्र सिंह लोधी, विधायक विजेन्द्र सिंह सहित जन प्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

epmty
epmty
Top