डीएम की छापेमारी से मचा हड़कंप-थोक में गैरहाजिर मिले कर्मचारी और अफसर

डीएम की छापेमारी से मचा हड़कंप-थोक में गैरहाजिर मिले कर्मचारी और अफसर

पीलीभीत। दीपावली के पंच दिवसीय पर्व की श्रंखला की छुट्टी के बाद जब शुक्रवार को सरकारी दफ्तर खुले तो जिलाधिकारी अपने लाव लश्कर के साथ छापामार कार्यवाही करने के लिए निकल पड़े। जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से लेट लतीफ एवं लापरवाह अफसरों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्शन के समय विभिन्न विभागों के दफ्तरों में अफसरों समेत जब बड़ी संख्या में कर्मचारी गैरहाजिर मिले तो इस लापरवाही को देख डीएम का पारा चढ़ गया और उन्होंने अफसरों एवं कर्मचारियों का 1 दिन का वेतन काटने का फरमान जारी कर दिया।

दरअसल शुक्रवार को दीपावली के पंच दिवसीय पर्व की श्रृंखला की छुट्टियों के बाद सरकारी दफ्तर खुले थे। लेकिन विभिन्न विभागों में तैनात अनेक अफसर और कर्मचारी लापरवाही बरतते हुए अपने काम पर नहीं पहुंचे थे। इसी बीच जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार अपने लाव लश्कर के साथ सवेरे 10 बजकर 5 मिनट पर औचक निरीक्षण करने के लिए निकल पड़े। सबसे पहले जिलाधिकारी शारदा सागर के बाढ़ खंड अधिकारी के दफ्तर पर जा पहुंचे। यहां पर अधिशासी अभियंता समेत 15 अफसर और कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इसके बाद जब जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक के दफ्तर का रुख किया तो वहां के हालात भी लापरवाही पूर्ण मिले। क्योंकि निरीक्षण के समय तक जिला विद्यालय निरीक्षक समेत तीन कर्मचारी दफ्तर नहीं पहुंच पाए थे।

जिला बंदोबस्त अधिकारी के दफ्तर के निरीक्षण में एसओसी समेत 10 कर्मचारी जिलाधिकारी को गैरहाजिर मिले। ऐसा ही हाल चकबंदी अधिकारी के दफ्तर का भी रहा, यहां भी चकबंदी अधिकारी समेत निरीक्षण के समय 5 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। श्रम विभाग के दफ्तर में हालात इस कदर बेहाल हुए मिले कि यहां पर नियुक्त 10 कर्मचारियों में से 3 संविदा कर्मी तथा अन्य सात स्थाई कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। गनीमत इस बात की रही कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी दफ्तर में उपस्थित मिली। जिलाधिकारी ने छापामार कार्यवाही के दौरान गैरहाजिर पाए गए सभी अफसरों एवं कर्मचारियों का 1 दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए हैं।

epmty
epmty
Top