सरकार किसानों और ग्रामीण युवाओं को कर रही है सशक्त : तोमर

सरकार किसानों और ग्रामीण युवाओं को कर रही है सशक्त : तोमर

नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने गुरुवार को कहा कि सरकार नई तकनीकों और परिपाटियों को विकसित करके तथा बड़े पैमाने पर प्रयोगशाला को जमीन तक लाने की पहल के तहत किसानों, कृषि से जुड़ी महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को सशक्त करने के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रही है।

कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के कृषि मंत्रियों की दशांबे (ताजिकिस्तान) में छठी बैठक में वर्चुअल संबोधन में कहा कि भारत में कृषि क्षेत्र ने कोविड के दौरान भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।खाद्यान्न उत्पादन के साथ-साथ वैश्विक खाद्य सुरक्षा में योगदान करते हुए निर्यात में भी महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की है। गरीबी-भूखमरी खत्म करने और खाद्य सुरक्षा एवं पोषण के सतत विकास लक्ष्य को हासिल करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता जताते हुए कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि जैव-प्रबलीकृत किस्में सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर मुख्य आहार का स्रोत हैं जिन्हें कुपोषण दूर करने के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद इस कार्य में जुटी हुई है।

भारत ने 16 अक्टूबर 2020 को खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्मारक सिक्के के साथ ही 17 जैव-प्रबलीकृत किस्में भी जारी की गईं। इसके अलावा, वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ, भारत सरकार ने अवसंरचना निर्माण, जैविक खेती आदि के अलावा जल संसाधनों का इष्टतम उपयोग बढ़ाने, सिंचाई के लिए नए बुनियादी ढांचे का निर्माण करने, उर्वरकों के संतुलित उपयोग के साथ मिट्टी की उर्वरता को संरक्षित करने, खेत से बाजार तक कनेक्टिविटी प्रदान करने, सूचना एवं प्रसार प्रौद्योगिकी लिंकेज जैसे अनेक कार्यक्रम शुरू किए हैं।

कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि भारतीय कृषि सफलता के अनेक पायदान चढ़ी है। भारत में हरित क्रांति, श्वेत क्रांति, नीली क्रांति के अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा किसानों के लिए मूल्य समर्थन प्रणाली विश्व में अद्वितीय हैं। यह नीति-निर्माताओं की दूरदर्शिता, हमारे कृषि वैज्ञानिकों के कौशल व किसानों के अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि भारत खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर बन चुका है, बल्कि सरप्लस भी है। वर्तमान में भारत अनाज, फल, सब्जियां, दूध, अंडे और मछली जैसी अनेक खाद्य वस्तुओं का दुनियाभर में अग्रणी उत्पादक है। कृषि हमेशा से भारत के लिए उच्च प्राथमिकता रही है।


वार्ता

epmty
epmty
Top