गोवा के मुख्यमंत्री ने 4 मंत्रियों का इस्तीफा मांगा

पणजी।गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को राज्य के चार मंत्रियों का इस्तीफा मांगा। इनकी जगह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
कांग्रेस के दस विधायकों के बुधवार को भाजपा में शामिल होने से पार्टी विधायकों की संख्या बढ़कर 27 हुई
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत आज गोवा मंत्रिमंडल में फेरबदल करेंगे। चार वर्तमान मंत्रियों के स्थान पर नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कल रात पणजी में बताया कि शपथ ग्रहण समारोह दोपहर बाद तीन बजे होगा। कांग्रेस के दस विधायकों के बुधवार को भाजपा में शामिल होने से पार्टी विधायकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। प्रमोद सावंत ने कहा कि गठबंधन सहयोगी गोवा फारवर्ड पार्टी के तीन सदस्यों और एक निर्दलीय विधायक रोहन कोंटे को मंत्रिमंडल से हटा दिया जाएगा। मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले विधायक भाजपा से होंगे जिनमें तीन वे विधायक होंगे जो बुधवार को पार्टी में शामिल हुए थे। तीन महीने पहले मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद प्रमोद सावंत दूसरी बार मंत्रिमंडल में फेरबदल कर रहे हैं।
आज राजभवन में शपथ लेंगे
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने जीएफपी के तीन विधायकों और एक निर्दलीय विधायक रोहन खुंटे से अपने-अपने मंत्री पदों से इस्तीफा देने को कहा है। भाजपा में शामिल होने वाले चंद्रकांत कावलेकर, फिलिप नेरी रोड्रिग्ज, एतानासियो मोन्सेराते तथा विधानसभा उपाध्यक्ष माइकल लोबो आज राजभवन में शपथ लेंगे।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा मंत्रिमंडल में दूसरा फेरबदल
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि चार मौजूदा मंत्रियों-उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई, जल संसाधन मंत्री विनोद पालेकर, ग्रामीण विकास मंत्री जयेश सालगांवकर (सभी जीएफपी विधायक) और राजस्व मंत्री रोहन खुंटे (निर्दलीय) को मंत्रिमंडल से हटाया जाएगा। तीन महीने पहले मुख्यमंत्री बनने के बाद से यह मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा मंत्रिमंडल में दूसरा फेरबदल है। पहले मंत्रिमंडल फेरबदल में सावंत ने एमजीपी से अलग हुए विधायक दीपक पुष्कर को मंत्री बनाया था। उस समय उपमुख्यमंत्री सुदिन धवलिकर को हटाया गया था।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह फैसला लिया गया
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। जीएफपी अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई ने कहा था कि वे मैत्रीपूर्ण समाधान से इस संकट के हल की उम्मीद कर रहे हैं।गोवा फॉरवर्ड पार्टी राजग का हिस्सा है और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से बातचीत के बाद वह भाजपा नीत सरकार में शामिल हुई थी।