बड़ी चूक- दो युवक दर्शक दीर्घा से संसद में कूदे-छोड़ी पीले रंग की गैस

बड़ी चूक- दो युवक दर्शक दीर्घा से संसद में कूदे-छोड़ी पीले रंग की गैस

New Delhi। भारतीय संसद पर 22 साल पहले हुए आतंकी हमले की बरसी पर आज फिर से लोकसभा की सुरक्षा में चूक होने का बड़ा मामला सामने आया है। दर्शक दीर्घा में बैठे दो युवक लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सदन में कूद गए और उन्होंने पीले रंग की गैस छोड़ी। हालांकि दोनों को सुरक्षा कर्मियों द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।

बुधवार को 22 साल पहले संसद पर हुए आतंकी हमले की बरसी पर दर्शक दीर्घा में बैठे दो युवक सदन की कार्यवाही के दौरान नीचे कूद गए। सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला सामने लाने वाले दोनों लड़कों को फिलहाल सुरक्षा कर्मियों द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से एक का नाम सागर होना बताया गया है। दोनों युवक एक सांसद के नाम पर लोकसभा विजिटर के पास के आधार पर लोकसभा की दर्शक दीर्घा तक पहुंचे थे।

इस बीच कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा है कि दर्शक दीर्घा में बैठे दो लोग अचानक से लोकसभा में कूद पड़े हैं, जिनकी उम्र तकरीबन 20 साल के आसपास है और दोनों एक कनस्तर लिए हुए थे। इन कनस्तरों के भीतर पीले रंग की गैस भरी हुई थी जो उन्होंने दर्शक दीर्घा में कूदते ही छोड़नी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों में से एक लड़का दौड़कर लोकसभा अध्यक्ष की कुर्सी के सामने पहुंच गया था और वह कोई नारा लगा रहे थे। आशंका जताई गई है कि सदन के भीतर छोड़ी गई पीले रंग की गैस जहरीली हो सकती है।



epmty
epmty
Top