सनातन के अपमान पर जनता में रोष, इसी डर से इंडी गठबंधन की रैली...

सनातन के अपमान पर जनता में रोष, इसी डर से इंडी गठबंधन की रैली...

भोपाल। विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' की मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रस्तावित रैली निरस्त होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया देते हुए आज कहा कि गठबंधन के नेताओं द्वारा सनातन धर्म का अपमान किए जाने से प्रदेश की जनता में रोष है और गठबंधन को इस रोष के प्रकट होने का डर था, इसलिए उन्होंने रैली ही निरस्त कर दी।

चौहान ने अपने बयान में कहा कि जनता के मन में सनातन धर्म के अपमान पर रोष है। ये अपमान मध्यप्रदेश की जनता सहन नहीं कर सकती। गठबंधन ने हजारों साल पुरानी हमारी संस्कृति, परंपराएं महापुरुष सब का अपमान किया है। 'इंडी' गठबंधन समझ ले कि उन्होंने हमारी आस्था पर चोट की है और ये हमला किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के मन में रोष है, इन्हें डर था कि ये रोष प्रकट ना हो जाए, इसलिए रैली ही निरस्त कर दी। जनता का आक्रेश इस गठबंधन और कांग्रेस के खिलाफ है और वो तो प्रकट होगा, जनता छोड़ेगी नहीं। इसके पहले आज दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यहां मीडिया के सवालों के जवाब में बताया था कि विपक्षी दलों के गठबंधन की रैली भोपाल में नहीं होगी। यह रद्द हो गयी है। विपक्ष के गठबंधन 'इंडिया' की ओर से हाल में जारी एक बयान में कहा गया था कि गठबंधन ने देश के विभिन्न स्थानों पर संयुक्त जनसभाएं करने का निर्णय लिया है और इस तरह की पहली जनसभा अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में भोपाल में होगी। कमलनाथ से इसी परिप्रेक्ष्य में सवाल किया गया था।

epmty
epmty
Top