मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला-अब राशन की डोर स्टेप डिलीवरी होगी शुरू

मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला-अब राशन की डोर स्टेप डिलीवरी होगी शुरू

नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद पंजाब के भीतर सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से राज्य में प्रदेश वासियों के लिए राशन की डोर स्टेप डिलीवरी आरंभ करने का ऐलान किया गया है। जल्द ही इस योजना को लागू करते हुए राज्य के लोगों को उनके घर पर ही राशन की डिलीवरी उपलब्ध कराई जाएगी।

सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक वीडियो जारी करके कहा कि बड़े दुख की बात है कि आज भी गरीबों को अपना राशन लेने के लिए राशन डिपो पर घंटों लाइनों में लगना पड़ता है, लोग परेशान होते है लेकिन इससे अब छुटकारा मिलेगा।

सीएम ने कहा है कि आप सरकार ने निर्णय किया है कि अब घर तक राशन महैया करवाया जाएगा। इसके लिए घर तक आटा, दाल व अन्य सामग्री मिलेगी। सीएम भगवंत मान ने कहा कि इस समय राशन उन लोगों को मिलता है जो दिहाड़ी-मजदूरी वाले हैं। उन्हें राशन लेने में पूरी दिहाड़ी लग जाती है। महिलाएं दो से तीन किलोमीटर जाती हैं। राशन लेकर आती हैं। इसके बाद भी जो गेहूं मिलता है वह खाने के योग्य नहीं होता। दाल खराब मिलती है।

उन्होंने कहा कि राशन की डोर स्टेप डिलीवरी योजना दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने लागू की थी लेकिन केंद्र ने इस योजना पर रोक लगा दी। पंजाब में अब इस योजना को लागू किया जा रहा है जिसे कामयाब किया जाएगा। सरकारें लोगों के लिए होती हैं। सरकारों को लोग चुनते हैं। सरकारें लोगों को सुविधाएं देने के लिए होनी चाहिए न कि लोगों को परेशान करने के लिए।

बैठक में आज फैसला लिया गया है और इस योजना की विस्तृत जानकारी बहुत जल्द आम जनता को बता दी जाएगी। अब पंजाब वासियों को मिलने वाले गेहूं तथा दालों में कंकड़ नहीं मिलेंगे। जो अमीर लोग खाते हैं वैसा ही राशन गरीबों को भी मिलेगा। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में लोगों को मिल रहे राशन की गुणवत्ता में भी सुधार किया जाएगा।

अधिकारियों को गुणवत्ता सुधार के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कर्मचारी लोगों को फोन करके पूछेंगे और लोगों की सुविधा के अनुसार उनके घरों में यह राशन पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में डोर स्टेप डिलीवरी योजना ऑप्शनल है। अगर राशन डिपो करीब है तो आप जाकर ले भी सकते हैं।

epmty
epmty
Top