तांत्रिक का कारनामा-संतान प्राप्ति के लिए आई महिला से दुष्कर्म

झांसी। संतान प्राप्ति के लिए इलाज को पहुंची महिला को तांत्रिक ने झाड़-फूंक के बहाने अकेले बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। तकरीबन सवा साल तक दुष्कर्म पीड़ित महिला अपने दिल के भीतर तांत्रिक की इस काली करतूत को दबाए रही। लेकिन दिल ने जब उसे धिक्कारा तो हिम्मत जुटाकर उसने पति को तांत्रिक की काली करतूत बताई। बुरी तरह से हक्का-बक्का रह गए पति ने पत्नी के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस अब तांत्रिक की खोज में जुटी हुई है।
दरअसल झांसी के सिपरी बाजार इलाके की केके पुरी कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने तांत्रिक के नाम पर लोगों को ठगने का कारोबार कर रखा है। सिपरी बाजार निवासी 28 वर्षीय महिला को बच्चा नहीं हो रहा था। शादी के 3 साल बाद भी जब उसे बच्चा नहीं हुआ तो रिश्तेदारों ने उसके ऊपर ऊपरी साया होने की बात कहते हुए उसे तांत्रिक तेज सिंह कुशवाहा से इलाज कराने की सलाह दे डाली। पिछले साल की जुलाई महीने में संतान नहीं होने से परेशान महिला तेज सिंह के घर पहुंची और अपनी पीड़ा उसे कह सुनाई। तेज सिंह ने पूजन के बहाने महिला को अकेले बुलाया और कमरे में ले जाकर उसे धोखे से नशीला पेय पदार्थ पिला दिया। जिससे वह बेहोशी के आलम में चली गई। इसी का फायदा उठाते हुए तांत्रिक ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया।
इसके बाद तांत्रिक लगातार महिला को धमकाता रहा जिसके चलते महिला चाह कर भी किसी को अपने साथ हुए दुष्कर्म की बात नहीं बता सकी। लेकिन पिछले दिनों हिम्मत बटोर कर उसने अपने पति को यह बात बता दी। ति विवाहिता को लेकर सीधा थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर जेपी पाल के मुताबिक विवाहिता की तहरीर पर पुलिस आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए अब उसकी तलाश कर रही है।