ऑनर किलिंग! लड़की को धारदार हथियार से काटकर जंगल में फेंका

ऑनर किलिंग! लड़की को धारदार हथियार से काटकर जंगल में फेंका

मुजफ्फरनगर। धारदार हथियार से काट कर लड़की की हत्या करने के बाद उसके शव को जंगल में फेंक दिया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है। ऑनर किलिंग की आशंका जताए जाने पर पुलिस ने फिलहाल मृतका लड़की के पिता को हिरासत में ले लिया है।

शुक्रवार को जनपद मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में रहने वाली लड़की मानसी का जंगल में शव पडा हुआ मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही थाना सिखेड़ा पुलिस गांव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरा तथा उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

पुलिस ने मृतका लड़की के घर पहुंच कर गंभीरता के साथ जांच पड़ताल की और परिजनों से पूछताछ करते हुए उनके बयान दर्ज किये। लड़की की हत्या किसने और क्यों की? इसका पता लगाने के लिए डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा और घटना स्थल की छानबीन की।

गांव में दबी जुबान से लड़की की ऑनर किलिंग के चलते हत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मृतका मानसी के पिता को पूछताछ के लिए फिलहाल हिरासत में ले लिया है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया है कि पुलिस लड़की की हत्या किए जाने के मामले को हर एंगल से जांच पड़ताल करते हुए हत्यारोपी का पता लगाने की कोशिश कर रही है। एसपी सिटी ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा जाएगा।

epmty
epmty
Top