गैर देश से तैरकर भारत आई प्रेमिका- प्रेमी से की शादी- हो गई गिरफ्तार

गैर देश से तैरकर भारत आई प्रेमिका- प्रेमी से की शादी- हो गई गिरफ्तार

कोलकाता। 22 साल की लड़की अपने प्यार की मंजिल पाने के लिए तकरीबन 1 घंटे तक लगातार नदी में तैरते हुए भारत के पश्चिम बंगाल में पहुंची और जानवरों से भरे सुंदरबन डेल्टा को पार करके अपने प्रेमी के पास पहुंच गई। लड़की ने उसके साथ शादी भी रचा ली। लेकिन अब पुलिस ने उक्त लड़की को गिरफ्तार कर लिया है और उसे वापस बांग्लादेश भेजने की तैयारी कर रही है।

दरअसल बांग्लादेश की रहने वाली 22 वर्षीय कृष्णा मंडल की जान पहचान फेसबुक के माध्यम से भारत में रहने वाले आशिक मंडल से हुई थी। शुरुआत में हुई यह दोस्ती थोड़े ही दिनों में प्यार में तब्दील हो गई। दोनों ने एक दूसरे के साथ बातें करते हुए शादी करने का फैसला लिया। अब कृष्णा मंडल के पास भारत में आने के लिए पासपोर्ट नहीं था। इसलिए उसे भारत में आने की मंजूरी नहीं मिल रही थी। अंत में परेशान होकर उसने अपने प्यार की मंजिल को पाने के लिए सुंदरबन डेल्टा तैरकर भारत आने का इरादा बना लिया।

नदी में उतरने के बाद कृष्णा मंडल लगातार तकरीबन 1 घंटे तक पानी में तैरी और तैरते तैरते भारत की सीमा में पहुंच गई। पिछले हफ्ते भारत के पश्चिम बंगाल पहुंची कृष्णा मंडल ने अपने प्रेमी के साथ कोलकाता के मंदिर में पहुंचकर उसके साथ शादी रचा ली। पुलिस को जब इस मामले की सूचना मिली तो वह तुरंत ही कृष्णा मंडल की खोजबीन करते हुए ठिकाने तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब अधिकारियों का कहना है कि भारतीय प्रेमी के साथ शादी रचाने वाली कृष्णा मंडल के पास भारत आने के जरूरी दस्तावेज नहीं है। जिसके चलते अब उसे बांग्लादेश बॉर्डर पर अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। कृष्णा मंडल की गिरफ्तारी और उसके बांग्लादेश वापस लौटने की पुलिस की तैयारी से उसका पति आशिक मंडल अब काफी परेशान है और वह कानूनी मदद लेने की सोच रहा है।

epmty
epmty
Top