घर में घुसकर महिला व किशोरी की गला रेतकर हत्या-मचा हड़कंप

घर में घुसकर महिला व किशोरी की गला रेतकर हत्या-मचा हड़कंप

रायबरेली। घर में सो रही महिला और उसकी बहन की बेटी की गला रेतकर हत्या कर दिए जाने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा की गई जांच पड़ताल में दोनों महिलाओं के कपड़े पूरी तरह से अस्त व्यस्त हुए मिले हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित करते हुए दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। 10 साल पहले पति के लापता हो जाने के बाद मौत का शिकार हुई महिला अपने बेटे और अपनी बहन की बेटी के साथ रह रही थी।

डीह थाना क्षेत्र के कचनावा गांव में रह रहे सूर्यभान लगभग 10 साल पहले लापता हो गए थे। उसके बाद से सूर्यभान की पत्नी राधा सिंह अपने बेटे और बहन की बेटी शेजल के साथ गांव में रह रही थी। पिछले तकरीबन 2 साल से रह रही बहन की बेटी राधा सिंह के पास रहकर ही पढ़ाई कर रही थी। राधा सिंह का बेटा ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है, जिसके चलते वह शनिवार की शाम अपनी पिकअप गाड़ी में माल लादकर मध्य प्रदेश के शिवपुरी में उतारने के लिए गया हुआ था। शनिवार की रात राधा सिंह अपनी बहन की बेटी के साथ घर के भीतर सोई थी। बेटे की पत्नी पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर गाजीपुर में तैनात है। महिला और उसकी बहन की बेटी की रात किसी समय गला रेतकर हत्या कर दी गई। मामले की जानकारी रविवार की सवेरे उस समय हुई जब दिन निकलने के काफी समय बाद तक भी उनके घर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।

ग्रामीणों की ओर से मामले की जानकारी थाना प्रभारी निरीक्षक को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया है कि महिला और किशोरी के कपड़े जांच के दौरान अस्त-व्यस्त मिले हैं। घर से सामान चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की जांच में घर के भीतर बने बरामदे में दो कप तथा एक गिलास में चाय मिली है। समीप में ही नमकीन बिखरी हुई थी। तीन गिलास भी मिले हैं, जिनके भीतर पानी भरा हुआ था। पुलिस का मानना है कि जो लोग घर पर आए थे, वह शायद महिला के जानने वाले रहे होंगे। वारदात किसने और क्यों की? पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं।



epmty
epmty
Top