SSP की सौगात- सादे कागज पर मान्य प्रार्थना पत्र- पुलिस लिखेगी शिकायत

SSP की सौगात- सादे कागज पर मान्य प्रार्थना पत्र- पुलिस लिखेगी शिकायत

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवाशिम्पी चन्नप्पा ने सहारनपुर में शिकायतकर्ताओं को अनूठी सौगात दी है। इस सौगात के तहत सादे कागज पर शिकायती पत्र मान्य होगा। किसी भी तरह के शपथ पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। यदि कागज साथ नहीं लाये हैं, तो वह तो फ्री मिलेगा ही, साथ ही पुलिस शिकायत स्वयं लिखेगी। सहारनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवाशिम्पी चन्नप्पा की इस अनूठी पहल की लोगों द्वारा भरपूर प्रशंसा की जा रही है।

सहारनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवाशिम्पी चन्नप्पा के निर्देश पर एक बोर्ड लगाया गया है। इसमें लिखा गया है- 'वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना-पत्र सादा कागज पर मान्य है, किसी शपथ पत्र की आवश्यकता नहीं है, तथा जो आगन्तुक प्रार्थना पत्र साथ लेकर नहीं आये हैं, उनके प्रार्थना-पत्र लिखने/लिखवाने की सुविधा यहां निःशुल्क उपलब्ध है'। ऐसा करके सहारनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवाशिम्पी चन्नप्पा ने शिकायतकर्ताओं को बहुत बड़ी सौगात दी है। इससे पूर्व यदि किसी को प्रार्थना पत्र लेकर पुलिस के पास आना होता था, तो शपथ-पत्र की आवश्यकता होती थी। एक शपथ पत्र लगभग 100 रुपये में बनता है। अगर कई शिकायतें एक साथ हैं, तो उनके अलग-अलग शपथ पत्र बनते थे, जिनमें पीड़ित के काफी रूपये व समय खर्च हो जाता था। वहीं यदि पीड़ित की आर्थिक स्थिति सही नहीं है, तो उस पर भारी बोझ पड़ता था। ऐसे में या तो वह शिकायत लेकर पुलिस के पास ही नहीं पहुंच पाता था और उत्पीड़न सहन को मजबूर होता रहता था या फिर किसी से उसे उधार लेकर शिकायत दर्ज करानी होती थी। इसमें उसे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। शपथ पत्र बनवाने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। वहीं प्रार्थना पत्र देने के लिए पीड़ित को अपने पास से ही पेपर की व्यवस्था करनी होती थी।


सहारनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवाशिम्पी चन्नप्पा ने उक्त स्थितियों को गंभीरता के साथ परखा और विचार किया कि इस तरह से पीड़ित को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दिक्कतों को दूर करने के लिए न सिर्फ समाधान निकाला, वरन उसको धरातल पर क्रियान्वित भी किया। उन्होंने आदेश पारित किया है कि प्रार्थना पत्र सादे कागज पर ही मान्य होगा, किसी भी प्रकार के शपथ पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। यदि कोई प्रार्थना पत्र लेकर आया है और उसमें गलती है, तो उन्होंने इसकी भी व्यवस्था की है। ऐसी स्थिति में महिला व पुरूष पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिनके शिकायती पत्र में कोई गलती हो गई है, उनको दूसरा शिकायती पत्र उक्त पुलिस कर्मी लिखेंगे। वहीं यदि कोई शिकायती पत्र नहीं लेकर आया है, तो उसका शिकायती पत्र भी निःशुल्क पुलिस कर्मियों द्वारा लिखा जायेगा। इसमें सबसे खास बात यह है कि यदि पीड़ित पुरूष है, तो उसका प्रार्थना पत्र पुरूष पुलिस कर्मी और यदि पीड़ित महिला है, तो उनका प्रार्थना पत्र महिला पुलिस कर्मी लिखेंगी। एसएसपी द्वारा चलाई गई इस अनुपम मुहिम की नागरिकों द्वारा भरपूर प्रशंसा की जा रही है।



epmty
epmty
Top