विधायक के अंतिम संस्कार के दूसरे दिन आज पत्नी का भी कोरोना से निधन

लखनऊ। राजधानी लखनऊ पश्चिम सीट से भाजपा विधायक रहे सुरेश श्रीवास्तव के अंतिम संस्कार के एक दिन बाद आज रविवार को उनकी पत्नी मालती श्रीवास्तव का भी कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हो गया। गोमतीनगर के सेंट जोसेफ हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था।
प्रदेश में सत्तारूढ भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश श्रीवास्तव के अलावा बीते दिनों कोरोना के लक्षण दिखाई देने बाद कराई गई जांच में उनकी पत्नी मालती श्रीवास्तव व दोनों के पुत्र सौरभ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसमें पति-पत्नी का निधन हो गया। पूर्व विधायक के पुत्र सौरभ की हालत भी गंभीर है। उसका इलाज चल रहा है।
कल शनिवार को ही एक्स एमएलए सुरेश श्रीवास्तव का बैकुंठधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार में बड़े बेटे शैलेश, बेटी मृणालिनी, बहु डॉक्टर स्वाति, पार्षद अनुराग मिश्रा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संकेत मिश्रा शामिल हुए थे। सुरेश श्रीवास्तव का शुक्रवार को निधन हो गया था। उनका इलाज लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था।
उनकी कार का ड्राईवर भी कोरोना संक्रमित था और उसका कुछ दिन पहले निधन हो चुका है।
मालती श्रीवास्तव महिला कॉलेज में शिक्षिका थीं।
