पड़ी महंगाई की मार, पहले ही दिन बढ़ गए गैस सिलेंडर के दाम

पड़ी महंगाई की मार, पहले ही दिन बढ़ गए गैस सिलेंडर के दाम

नई दिल्ली। पेट्रोलियम कंपनियों ने महीने के पहले दिन ही रसोई गैस के दाम में एक बार फिर से बढ़ोतरी करते हुए महंगाई को पंख लगा दिए हैं। वैसे इस बार यह बढ़ोतरी 19 किलो वजन के कमर्शियल सिलेंडर पर की गई है। नॉन सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अभी भी 884 रूपये 50 पैसे बनी हुई है।

पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी की वजह से आलोचना का सामना कर रही केंद्र सरकार ने लोगों की परेशानी से बेखबर होते हुए 19 किलोग्राम वजन के एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में एक बार फिर से बढ़ोतरी कर दी है। 1 अक्टूबर से पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से गैस सिलेंडर के दामों में की गई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1693 रूपये से बढ़कर 1736 रूपये 50 पैसे का हो गया है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में तकरीबन 45 रूपये की बढ़ोतरी की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर महीने की शुरुआत में ही देश की सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी थी। जिसके चलते बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1 सितंबर को 25 रूपये बढ़ा दी गई थी। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 884 रूपये 50 पैसे हो गई थी। बीते महीने 15 दिन के भीतर गैर सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर 50रूपये महंगा हो चुका है। उधर बीते दिन के बाद आज ही डीजल और पेट्रोल के दामों में एक बार फिर से बढ़ोतरी की गई है। जिससे लोगों की जेब पर रोजाना अतिरिक्त भार बढ़ रहा है।



epmty
epmty
Top