कोरोना दूसरी लहर - रेलवे ने आधी यात्री सेवाएं की बंद

कोरोना दूसरी लहर - रेलवे ने आधी यात्री सेवाएं की बंद

नयी दिल्ली। कोविड महामारी के दूसरी लहर के बीच भारतीय रेलवे ने यात्री सेवाओं में आधी से अधिक कटौती कर दी है।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनीत शर्मा ने कहा कि रेलवे लगातार यात्रियों की जरूरतों पर निगाह रखे हुए है और केवल उन ट्रेनों को अभी बंद किया गया है जिनमें यात्रियों की संख्या काफी कम है। उन्होंने बताया कि इस समय 279 मेल एक्सप्रेस गाड़ियां, 60 हॉलिडे स्पेशल और 263 पैसेंजर स्पेशल गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इस प्रकार से कुल 602 अंतरनगरीय यात्री सेवाएं संचालित की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि कोविड पूर्व की स्थिति में भारतीय रेलवे की कुल अनुमन्य यात्री सेवाओं की संख्या 2906 है जबकि प्रतिदिन औसतन 1768 गाड़ियों का परिचालन होता है। कोविड काल में अप्रैल मध्य तक भारतीय रेलवे कुल 1514 यात्री सेवाओं का परिचालन कर रही थी और प्रतिदिन औसत 1182 गाड़ियां चलायीं जा रहीं थीं। लेकिन कोरोना का प्रकोप बढ़ने के बाद यात्रियों की संख्या में काफी कमी आयी। इसे देखते हुए विभिन्न जोनल रेलवे मुख्यालयों में कम बुकिंग वाली यात्री सेवाओं को बंद करने का निर्णय लिया गया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनीत शर्मा ने कहा कि यह संख्या दिन-प्रतिदिन बदलने वाली संख्या है। यदि किसी मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक है और प्रतीक्षा सूची लंबी है तो अतिरिक्त गाड़ी चला कर उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है।

वार्ता

epmty
epmty
Top