चार वर्षों का इंतजार- राजकीय संप्रेक्षण गृह का संचालन शुरू

चार वर्षों का इंतजार- राजकीय संप्रेक्षण गृह का संचालन शुरू

मुजफ्फरनगर। चार वर्षों के इंतजार के बाद राजकीय संप्रेक्षण गृह के भवन का निर्माण अब पूर्ण हो गया है। भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद डीएम सेल्वा कुमारी जे. के आदेशों के बाद इसका संचालन शुरू हो गया है। आज 38 किशोरों को संप्रेक्षण गृह में स्थानान्तरित किया गया है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 के दिसम्बर माह में आर्यपुरी स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर का निर्माण प्रारम्भ हुआ था। अब चार सालों बाद यह बनकर पूरा हो चुका है। बीच में कुछ दिन निर्माण कार्य बंद रहा, जिसके कारण निर्माण कार्य में देरी हुई। संप्रेक्षण गृह में रहने वाले किशोरों को नोएडा शिफ्ट कर दिया गया था। अब जब निर्माण पूरा हो गया है, तो डीएम के आदेशों के बाद इसका संचालन शुरू कर दिया गया है।

आज 38 किशोरों को संप्रेक्षण गृह में भेजा गया। अब उनकी देखरेख यही पर होगी। विभिन्न अपराधों में बंद इन बालकों के वेलफेयर के लिए भी कुछ कार्यक्रम चलाए जाएंगे और उनकी काउंसलिंग भी की जायेगी। ज्ञातव्य है कि राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह का स्थान कम पड़ने के कारण उसे तोड़कर दो मंजिला बनाए जाने की कार्य योजना तैयार हुई थी। शासन से योजना को हरी झंडी मिलने के बाद वर्ष 2016 में बाल संप्रेक्षण गृह के पुराने भवन को ध्वस्त करा दिया गया था। इसके बाद भवन का पुनः निर्माण दिसम्बर माह में शुरू किया गया था। अब निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद फिर से बाल संप्रेक्षण गृह का संचालन शुरू हो गया है।

रिपोर्टः प्रवीण गर्ग

epmty
epmty
Top