Train बेच दी-देश बेच दिया-अब खेतों को बेचने की तैयारीः सांसद संजय

Train बेच दी-देश बेच दिया-अब खेतों को बेचने की तैयारीः सांसद संजय

मुजफ्फरनगर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि सरकार ने रेल बेच दी, देश बेच दिया अब किसान बिल लागू करके किसानों के खेत को बेचने की तैयारी कर रहे हैं। बिलों को किसी भी हालत में लागू नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को मेरठ में किसान महापंचायत का आयोजन किया जायेगा, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रतिभाग कर किसान बिलों का पुरजोर विरोध करेंगे।

आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह आज रूड़की रोड स्थित एक बैंक्वट हाॅल में पहुंचे और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसान बिलों के विरोध में क्रांति भूमि मेरठ में 28 फरवरी को किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। महापंचायत को आप के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक कृषि बिलों को समाप्त कराने की मांग को लेकर 200 किसान अपनी शहादत दे चुके हैं, बावजूद इसके सरकार खामोश है। उन्होंने कहा कि कृषि अध्यादेशों से मंडियां समाप्त हो जायेंगी। किसान पूंजीपतियों का गुलाम हो जायेगा। किसानों के पास जीवनयापन का साधन ही नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि किसान बिल सभी नागरिकों के खिलाफ है। किसानों से सस्ते में गेहूं, चावल, फल खरीदे जायेंगे और उन्हें उद्योगपति कोल्ड स्टोरेज में रख देंगे। बाद में उन्हें महंगे दामों पर बेचा जायेगा। किसान और गरीब हो जायेगा तथा अमीर और अधिक अमीर हो जायेगा। उन्होंने कहा कि लाॅकडाउन में सभी क्षेत्रों में गिरावट आई। लेकिन कृषि की जीडीपी बढ़ी। इसी पर सरकार की काली नजर पड़ गई। षड्यंत्र के तहत किसानों को गुलाम बनाने के लिए कृषि अध्यादेश बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि रेल बेच रहे हैं, खेल बेच रहे हैं, सड़क बेची जा रही है। सरकार ने एयरपोर्ट और एलआईसी भी बेच दी है। अब खेत भी बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को बहुत अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। जो सरकार देश बेच रही है, उसे भारत माता की जय कहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जब से अमित शाह ने गृृह मंत्री का पदभार संभाला है, तभी से कहीं दंगे हो रहे हैं, कहीं हिंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था केजरीवाल को दें, वे सब संभाल लेंगे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर बाॅर्डर के आंदोलन ने पूरे देश में किसानों को जागरूक किया है। किसान किसी भी हालत में कृषि अध्यादेशों को लागू नहीं होने देंगे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में 28 फरवरी को मेरठ की किसान महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया।

epmty
epmty
Top