मंत्री कपिल देव ने बांटे कंबल, गिनाये सरकार के विकास कार्य

मंत्री कपिल देव ने बांटे कंबल, गिनाये सरकार के विकास कार्य

मुजफ्फरनगर। व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मिशन विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए कम्बलों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में न तो लोगों को गैस सिलैंडर लेने के लिए लाईनों में लगना पड़ता है और न ही राशन की कालाबाजारी हो रही है। 24 घंटे विद्युत आपूर्ति हो रही है। रोजगार के लिए ऋण देने की व्यवस्था की गई है। जितने विकास कार्य भाजपा सरकार ने किये हैं, इससे पूर्व कभी भी प्रदेश में नहीं हुए।


जानकारी के अनुसार व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मिशन विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल आज मौहल्ला आनंदपुरी स्थित पाल धर्मशाला में पहुंचे। यहां उन्होंने सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए कम्बलों का वितरण किया। कम्बल प्राप्त करने के बाद लोगों के चेहरे खिल गये और उन्होंने मंत्री का दिल से आभार व्यक्त किया।


इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने केन्द्र व प्रदेश सरकार चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लगातार विकास कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कड़कड़ाती ठंड व कोहरे के बीच सुबह चार बजे उठकर एलपीजी गैस लेने के लिए गैस गोदाम पर जाना पड़ता था। कई घंटों तक कंपकपाती ठंड में लाईन में लगने को मजबूर होना पड़ता था। कुछ लोगों को गैस सिलैंडर मिल जाता था, बाकी को मायूस होकर लौटना पड़ता था। लेकिन अब प्रदेश सरकार के कार्यकाल में गैस की होम डिलवरी हो रही है।


बिजली की इतनी बदतर व्यवस्था थी कि मात्र 6 या 7 घंटे ही आपूर्ति हो पाती थी। योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में नागरिकों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनपद में भाजपा के कार्यकाल में अधिकतर सड़कों को बनवा दिया गया है। कुछ का पेंचवर्क कराया जा रहा है। बाकी जहां भी सड़कों का काम अधूरा है, वह प्रगति पर है, उसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को राशन वितरित किया जा रहा है, जबकि पूर्व की सरकार में राशन के लिए लम्बी-लम्बी लाईनें लगी रहती थीं, फिर भी राशन नहीं मिल पाता था। योगी सरकार द्वारा बेघरों को घर दिये गये हैं। पात्रों को पेंशन दी जा रही है। रोजगार के लिए युवाओं को ऋण देने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान आयुष विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर सुभाष चंद शर्मा, एसडीएम सदर दीपक कुमार, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

epmty
epmty
Top