रामपुरी के विकास को मंत्री कपिल देव ने दिलाया बजट, मिले दो करोड़

रामपुरी के विकास को मंत्री कपिल देव ने दिलाया बजट, मिले दो करोड़
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
  • Story Tags

मुजफ्फरनगर। विकास के पैमाने पर उपेक्षित मौहल्ला रामपुरी बदहाली से बहाली की ओर अग्रसर हो रहा है। वर्षों से समस्याओं की जद में रहकर नारकीय जीवन जीने को विवश रामपुरी के लोगों के दिन अब बहुरेंगे। सदर विधायक कपिल देव के प्रयासों से शुरू हुई यह कवायद अब विकास की दहलीज तक पहुंच गयी है। रामपुरी के विकास पर 6 करोड़ से ज्यादा का बजट राज्य सरकार स्वीकार कर लिया है। इसके लिए पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये जारी कर दिये गये हैं। जल्द ही रामपुरी की जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए निर्माण कार्य प्रारम्भ करा दिया जायेगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने कार्य प्रारम्भ कराने के लिए कार्यवाही भी आगे बढ़ा दी है।


बता दें कि नगरपालिका परिषद् के अन्तर्गत आने वाले मौहल्ला रामपुरी में जल निकासी वर्षों से एक बड़ा मुद्दा बना रहा है। इस मौहल्ला से कई गलियां कच्ची होने और नालियों का निर्माण नहीं होने के कारण खाली प्लाॅट व सड़कों पर ही जल भराव रहने के कारण लोगों को दयनीय स्थिति में बदहाल जीवन जीने के लिए विवश होना पड़ रहा था। कई बाद लोगों ने अपनी समस्याओं को शासन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाने के लिए आंदोलन का सहारा लेना पड़ा। नगरपालिका का घेराव किया गया, लेकिन हर बार बजट की कमी ही इस क्षेत्र के विकास में रोडा बनी रही। पिछले दिनों इस मामले को लेकर लोग सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल से मिले और अपनी समस्याओं को रखते हुए रामपुरी को बदहाली की दलदल से बाहर निकालने के लिए मदद मांगी थी। इस मौहल्ले में लोगों के नारकीय जीवन को देखने के लिए सदर विधायक ने कई बार दौरा किया, लेकिन पिछले दिनों जब राज्य के प्राविधिवक व उच्च शिक्षा सचिव भुवनेश कुमार जिले में नोडल अफसर के रूप में शासन की योजनाओं की समीक्षा के लिए आये तो विधायक कपिल देव अग्रवाल उनको रामपुरी के निवासियों का बदहाल जीवन दिखाने के लिए लेकर गये थे। कई गलियों को दौरा कराया गया और इसके बाद रामपुरी के विकास के लिए कवायद प्रारम्भ हो गयी। विधायक कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से रामपुरी की जल निकासी परियोजना के लिए 6 करोड़ से ज्यादा का प्रस्ताव तैयार कराया गया। तत्कालीन जिलाधिकारी अजय कुमार पाण्डेय ने 16 फरवरी 2019 को यह प्रस्ताव शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया था। अब जबकि विधायक कपिल देव अग्रवाल राज्य सरकार में स्वतंत्र प्रभार के मंत्री बने तो उन्होंने शासन स्तर पर लटके इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने में देरी नहीं की है। शासन में संयुक्त सचिव नगर विकास अनुभाग 5 राधे कृष्ण ने रामपुरी के विकास कार्य के लिए शासन से प्रस्ताव और बजट स्वीकृति की जानकारी दी। उन्होंने जल निगम के महा प्रबंधक को इसके लिए धनराशि आवंटन की जानकारी भी देते हुए जल्द कार्य प्रारम्भ कराने को कहा है। नगरपालिका परिषद् के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि शासन ने रामपुरी में जल निकासी योजना और रुड़की रोड पर अहिल्याबाई चौराहे से नावल्टी चौराहा होते हुए बकरा मार्किट तक नाला निर्माण कार्य के लिए बजट स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि रामपुरी के विकास परियोजना पर 6 करोड़ 57 लाख 24 हजार रुपये खर्च होंगे। इसकी पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। इस कार्य के लिए कार्यदायी संस्था जल निगम को बनाया गया है। नगरपालिका प्रशासन कार्य का पर्यवेक्षण करेगा। जल्द ही कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जायेगा।

epmty
epmty
Top