महंगाई और नए कृषि कानूनों को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन

महंगाई और नए कृषि कानूनों को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर। देश में दिनोंदिन सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही महंगाई और नए कृषि कानूनों का विरोध करते हुए राष्ट्रीय जनसंघर्ष मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को पीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

मंगलवार को राष्ट्रीय जनसंघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकिल राणा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई पर अपना रोष जताते हुए कंपनी बाग पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश में रसोई गैस, डीजल, पेट्रोल आदि के साथ आवश्यक वस्तुओं के दाम तेजी के साथ रोजाना बढ़ रहे हैं। जिससे गरीब और मध्यम वर्ग अपने परिवार का खर्च चलाने में खुद को असहाय महसूस कर रहा है।


वक्ताओं ने नए कृषि कानूनों पर अपना विरोध जताया और कहा कि इसके विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों की अभी तक किसी ने सुध नहीं ली है। महंगाई को नियंत्रित करते हुए नए कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर राष्ट्रीय जनसंघर्ष मोर्चा की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर पीएम से समस्याओं के निदान की मांग की गई। इससे पूर्व राष्ट्रीय जनसंघर्ष मोर्चा की एक बैठक कंपनी बाग के निकट स्थित मधुबन रेस्टोरेंट पर आयोजित की गई। मेरठ जिला अध्यक्ष हबीब अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता फरमान अब्बासी ने किया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अकिल राणा ने इंद्रजीत सिंह को राष्ट्रीय सलाहकार नियुक्त किया। इस मौके पर अकिल राणा ने कहा की मोर्चा हर समय जनता की सेवा में मौजूद रहता है। गरीबों, मजदूरों और किसानों की लड़ाई हम एक साथ मिलकर लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि देश में इस समय महंगाई अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। महंगाई के कारण देश का आम आदमी बुरी तरह से त्रस्त है। इंदरजीत सिंह ने कहा कि मैं अकिल राणा को 2 दशकों से जानता हूं। वह हमेशा गरीबों की आवाज उठाते आए हैं। अब हम सब मिलकर गरीबों, मजदूरों और किसानों की लड़ाई लड़ेंगे। हबीब अंसारी ने कहा कि डीजल, पेट्रोल के दाम ही नहीं रसोई गैस सिलेंडर के दाम भी आसमान छू रहे हैं। वक्ताओं ने महंगाई पर गहरा रोष जताया। इस मौके पर रोहन त्यागी को सहारनपुर मंडल अध्यक्ष नियुक्त करते हुए नईम सिद्दीकी को मंडल महासचिव एवं शाहनवाज सिद्दीकी को वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा जिला अध्यक्ष नदीम अब्बासी व नगर अध्यक्ष अनीस अल्वी ने जिला एवं नगर कार्यकारिणी की घोषणा भी की। इस मौके पर राजकुमार, हनीफ सैफी, अजय भारद्वाज, शमीम त्यागी, ताहिर अब्बासी, आबिद मलिक, आबाद कुरैशी, शाजिल अब्बासी, वारिस राणा और अंकुर आदि मौजूद रहे।







epmty
epmty
Top