सोमवती अमावस्या पर निराश्रितों को बांटे कम्बल

मुज़फ्फरनगर। शुक्रताल स्वामी केवलानंद महाराज के आश्रम पर सोमवती अमावस्या के अवसर साधू-संतों, निराश्रितों व दिव्यांगजनों को कम्बल, रजाई व जूतों का वितरण किया गया। इस दौरान सूक्ष्म भंडारे का भी आयोजन हुआ।
शुक्रताल स्थित परम पूज्य श्री1008 स्वामी केवलानंद महाराज (धूने वाला बाबा) के आश्रम पर सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आश्रम के सचिव उमा शंकर गर्ग ने बताया कि स्वामी केवलानंद महाराज की प्रेरणा से सोमवती अमावस्या पर सूक्ष्म भंडारे का आयोजन किया गया। इसके साथ ही साधू-संतों, निराश्रितों व दिव्यांगजनों को 140 कम्बल, 10 रजाई, 160 जोड़ी जूते वितरित किये गये। आयोजन के दौरान सोशल डिस्टेसिंग का पूर्ण रूप से पालन किया गया। आमंत्रित अतिथियों, संत-महात्माओं का स्वागत पंडित सुमित तिवारी ने किया। इस दौरान अध्यक्ष अरविंद गर्ग, सचिव उमा शंकर गर्ग, कोषाध्यक्ष शलभ गर्ग एडवोकेट, सुधा गर्ग, अनीता गर्ग, राकेश कुमार, एसके अग्रवाल, सुरेश चंद गुप्ता, अंजू गुप्ता, सुधीर गर्ग एडवोकेट, अम्बरीश गर्ग, जयंती, स्वर्णलता गर्ग, प्रीति गर्ग आदि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर अनेक धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता है। शुक्रताल स्थित गंगा घाट पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की सुबह से ही भीड़ लग गई थी। गंगा घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद विद्वान ब्राह्मणों द्वारा अपने देव-पितरों के निमित्त तर्पण कराया। इसके साथ ही ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा दी गई। स्नान, दान के पश्चात श्रद्धालुओं ने शुक्रताल स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों में जाकर मत्था टेका।