हमारे पर्व होते है शांति से संपन्न: शिवराज

हमारे पर्व होते है शांति से संपन्न: शिवराज

बालाघाट। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि हमारे पर्व पुलिस जवानों के समर्पण की बदौलत ही आनंद से मन पाते हैं क्योंकि ये जवान ही जान पर खेलकर लोगों की सुरक्षा करते हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज यहां 'मध्यप्रदेश पुलिस क्रम से पूर्व पदोन्नति कार्यक्रम' को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी लोग जीवन में उत्सव, पर्व आनंद के साथ मना पाते हैं, तो इन जवानों के समर्पण के ही कारण। घने जंगलों में भी जान पर खेलकर यही जवान हमें सुरक्षा देते हैं। घोर घने जंगलों में पैदल चलकर जवान खतरों का सामना करते हैं। ये न दिन में ठीक से सोते हैं और न रात में उन्होंने कहा कि वे जनता की सेवा में समर्पित भाव से कार्य करने वाले सभी जवानों का हृदय से आभार प्रकट करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस परिवार की महिलाओं के हौसले के कारण जवान घनघोर जंगलों में रहकर भी जनता की सुरक्षा की चिंता करते हैं। जब बाकी लोग सारे उत्सव अपने परिवार के साथ मनाते हैं, तब भी ये जवान परिवार से दूर रहते हैं।

उन्होंने कहा कि हाॅक फोर्स के जवानों का जीवन आसान नहीं है। वे लगातार कठिन परिस्थितियों का सामना करके भी मध्यप्रदेश को शांति का टापू बनाने के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि वे वादा करते हैं कि जवानों के सम्मान और हितों पर आंच नहीं आने देंगे। पुलिस ने सिमी के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। कुछ सिमी के आतंकियों ने भोपाल जेल से भागने का दुस्साहस किया, तो कुछ ही दूरी पर पुलिस ने उन्हें ढेर कर दिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब वे मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने कहा था कि मध्यप्रदेश में या तो वे रहेंगे या डाकू, दोनों एक साथ नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को टारगेट दिया और डाकू खत्म हो गए।

वार्ता

epmty
epmty
Top