घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़-लोगों ने ठोक पीटकर पुलिस को सौंपा

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Update: 2025-11-23 08:18 GMT

अयोध्या। घर में घुसकर 60 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाले मजनू को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया और ठुकाई पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 महाराजगंज थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाले किसान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि वह सवेरे के समय अपने भाई के घर खाना खाने के लिए गया था। इस दौरान उसकी 60 वर्षीय पत्नी जो मानसिक रूप से कमजोर है वह घर में अकेली थी।

 इसी दौरान पड़ोस के गांव का रहने वाला व्यक्ति उसके घर में घुस गया और उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। किसान जब वापस लौटकर अपने घर पहुंचा तो उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

 इस दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन अन्य लोगों के सहयोग की वजह से वह भागने में सफल नहीं हो सका। आरोपी को दबोचने के बाद ग्रामीणों द्वारा डायल 112 को दी गई सूचना के बाद गांव में पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।

 थाना प्रभारी महाराजगंज राजेश सिंह ने बताया है कि घटना के संबंध में पीड़ित किसान की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News