व्यवस्था सुधार के लिए निरीक्षण को निकले परिवहन मंत्री जाम में फंसे..
क्षेत्रीय विधायक हेमंत के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का यह दौरा निर्धारित किया गया था।
पुणे। यातायात की व्यवस्था सुधारने के लिए अंडरग्राउंड प्रोजेक्ट के निरीक्षण को निकले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री जब सड़क पर लगे जाम में फंस गए तो वह अपना दौरा बीच में ही छोड़कर वापस लौट गए।
दरअसल महाराष्ट्र के पुणे के पुराने शहर और खास तौर से शनिवार पेंठ में आए दिन लगने वाले जाम की बीमारी को खत्म करने के उद्देश्य से बनाए जा रहे फोरलेन अंडरग्राउंड टनल प्रोजेक्ट का जायजा लेने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पुणे के लिए निकले थे।
लेकिन पुणे में भारी ट्रैफिक के चलते लगे जाम को देखकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने निरीक्षण के फैसले को कैंसिल कर दिया और अंडरग्राउंड प्रोजेक्ट के निरीक्षण का दौरा अधूरा ही छोड़कर वह वापस लौट गए। क्षेत्रीय विधायक हेमंत के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का यह दौरा निर्धारित किया गया था।
शनिवार पेंठ में शनिवार वाड़ा के मुख्य द्वार तक वह गडकरी के साथ थे, बाद में मीडिया कर्मियों से बातचीत में उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रोजेक्ट कहां से शुरू होगा और कहां खत्म होगा? इसकी हमने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी है।
जिस पर केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया है कि वह प्रोजेक्ट का अध्ययन करेंगे और बाद में विस्तार से चर्चा करेंगे।