अहिल्याबाई की मूर्ति एवं चौक के सौंदर्यीकरण का मंत्री ने किया शिलान्यास
मीनाक्षी स्वरूप के द्वारा संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन कर किया गया।;
मुज़फ्फरनगर। आज नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपनी विधानसभा क्षेत्र मुज़फ्फरनगर के रुड़की रोड अस्पताल चौराहे पर पुण्यश्लोक माता अहिल्याबाई की भव्य मूर्ति एवं चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मीरापुर विधायक मिथलेश पाल एवं नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के द्वारा संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन कर किया गया।
इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। माता अहिल्याबाई ने अपने जीवन में सेवा, न्याय और समाज सुधार का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह हम सबके लिए प्रेरणा है। इस चौक के सौंदर्यीकरण से न केवल शहर का गौरव बढ़ेगा बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी उनके त्याग और बलिदान को स्मरण करती रहेंगी। भाजपा सरकार का संकल्प है – ‘सांस्कृतिक विरासत का सम्मान और विकास की नई पहचान।
उन्होंने कहा कि माता अहिल्याबाई जी भारतीय संस्कृति की आदर्श महिला थीं। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी समाज में प्रकाशपुंज की तरह मार्गदर्शन देते हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश की प्रत्येक नगरी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़कर विकास की राह पर आगे बढ़े।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारीगण – पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ल, जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र पाल, संजय गर्ग, देशबंधु तोमर , मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर , दिनेश धनगर, राजवीर पाल , नकली सिंह , सभासद अमित पाल, हनी पाल, योगेश मित्तल, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा जी सहित पाल-धनगर समाज के अनेक प्रमुख व्यक्ति एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।