मुस्लिम नेता ने बुलंद की जौनपुर का नाम बदलने की मांग-CM को लिखी चिट्ठी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बाबत चिट्ठी लिखकर भेजी।;
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता ने जौनपुर का नाम बदलकर महर्षि दधीचि, भगवान परशुराम या महर्षि जमदग्नि के नाम पर रखे जाने की डिमांड उठाई है। इस बाबत भाजपा के मुस्लिम नेता ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी भी लिखकर भेजी है।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद का नाम बदलकर महर्षि दधीचि, भगवान परशुराम या महर्षि जमदग्नि के नाम पर रखे जाने की डिमांड उस समय और अधिक जोर पकड़ गई जब भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य शम्सी आजाद उर्फ कौसर मेहंदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बाबत चिट्ठी लिखकर भेजी।
शम्सी आजाद की ओर से मुख्यमंत्री को लिखकर भेजी गई चिट्ठी में कहा गया है कि जौनपुर का इतिहास अत्यंत गौरवशाली एवं पौराणिक रहा है। यह क्षेत्र महर्षि दधीचि, भगवान परशुराम और महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि रहा है।
जमैथा गांव में आज भी महर्षि जमदग्नि के आश्रम के अवशेष और परशुराम से जुड़ी मान्यताएं विद्यमान है। इसी तरह दधीचि कुंड जहां लोग आज भी स्नान कर अपनी श्रद्धा को व्यक्त करते हैं, वह महर्षि दधीचि के बलिदान की गाथा का प्रतीक है।
चिट्ठी में जौनपुर के नए नाम के लिए जमदग्नि पुरम, दधिचि नगर, परशुराम पुरी या रेणुका नगरी जैसे नाम भी सुझाकर भेजे गए हैं।