शुगर मिल में बड़ा हादसा- वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में गिरे कर्मचारी
घायल हुए चौथा कर्मचारी का निजी अस्पताल में ट्रीटमेंट चल रहा है।
बिजनौर। उत्तम शुगर मिल में हुए बड़े हादसे में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पर काम कर रहे चार कर्मचारी नीचे गिर गए। इस हादसे में तीन कर्मचारियों की मौत हो गई है। चौथे का अस्पताल में ट्रीटमेंट चल रहा है।
शुक्रवार को जनपद बिजनौर के नांगल थाना क्षेत्र के बरकतपुर गांव में स्थित उत्तम शुगर मिल में बड़ा हादसा हो गया है।
बताया जा रहा है कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पर काम कर रहे चार कर्मचारी नीचे गिर गए। कर्मचारियों के नीचे गिरने से फैक्ट्री में बुरी तरह से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ट्रीटमेंट प्लांट में गिरे कर्मचारियों को तुरंत ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जिनमें से तिसोतरा गांव के रहने वाले 40 वर्षीय कपिल देव, कबूलपुर निवासी 45 वर्षीय मुनेश्वर और थाना मंडावर के लालपुर के रहने वाले 49 वर्षीय सोपाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल हुए चौथा कर्मचारी का निजी अस्पताल में ट्रीटमेंट चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी पुलिस टीम को साथ लेकर मौके पर पहुंचे हैं, फिलहाल मृतकों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।