छांगुर के खिलाफ फतवा जारी- बोले मौलाना ऐसे लोगों का करें बहिष्कार

छांगुर बाबा जैसे लोगों का बहिष्कार करने की अपील की है।;

Update: 2025-07-18 08:50 GMT

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धर्मांतरण के धंधेबाज छांगुर बाबा जैसे अन्य लोगों के खिलाफ जारी किए गए फतवे में कहा है कि छांगुर जैसे लोगों का बहिष्कार किए जाने की जरूरत है।

शुक्रवार को ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने समाज के लोगों द्वारा पूछे गए सवालों पर जुबानी फतवा जारी करते हुए छांगुर बाबा जैसे लोगों का बहिष्कार करने की अपील की है।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा है कि पिछले कई दिनों से छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन का मामला बड़ी चर्चाओं में है। छांगुर बाबा ने लालच देकर लोगों का धर्म परिवर्तन कराया और और सुनियोजित तरीके से दूसरे धर्म की लड़कियों की दूसरे धर्म के लड़कों के साथ शादी कराई। साथ ही अपने घर में उसने अपने लिए एक कब्र बनवा रखी थी। छांगुर के पास नौजवानों की एक फौज थी, जिसके माध्यम से छांगुर लोगों पर दबाव बनाता था।

उन्होंने कहा है कि इस्लामी दृष्टिकोण से छांगुर के संबंध में जो चीज सामने आई है उसके पेशे नजर उन्होंने जुबानी फतवा जारी किया है।

जिसमें कहा है कि इस्लाम धर्म के हिसाब से किसी व्यक्ति के ऊपर इस्लाम कबूल करने का दबाव नहीं डाला जा सकता है। क्योंकि पैगंबरे इस्लाम ने कभी भी किसी गैर मुस्लिम को लालच नहीं दिया है। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी किसी गैर मुस्लिम पर इस्लाम धर्म कबूल करने का दबाव नहीं डाला।

उन्होंने बताया कि पैगंबरे इस्लाम की जीवनी पर लिखी गई हजारों किताबों में एक वाक्या भी इस तरह का नहीं मिलेगा, क्योंकि वह मुसलमानों और गैर मुसलमानों के साथ अच्छा व्यवहार और अच्छा सलूक करते थे।

Tags:    

Similar News