दूषित पानी और मौतों को लेकर कांग्रेस व भाजपा आमने सामने- दोनों तरफ से
स्थानीय प्रशासन की ओर से आपूर्ति किए गए दूषित पानी की वजह से हुई 16 मौतों के मामले में दूषित पानी की जांच करने के लिए पहुंची कांग्रेस कमेटी का विरोध करते हुए भाजपा कार्य कर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया।
इंदौर। स्थानीय प्रशासन की ओर से आपूर्ति किए गए दूषित पानी की वजह से हुई 16 मौतों के मामले में दूषित पानी की जांच करने के लिए पहुंची कांग्रेस कमेटी का विरोध करते हुए भाजपा कार्य कर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। बाहरी लोग वापस जाओ के नारे लगाते हुए जब भाजपाइयों ने पानी की जांच नहीं करने दी तो कांग्रेसी घंटा पार्टी मुर्दाबाद के नारों के साथ भाजपाइयों के सामने अड गए।
शनिवार को इंदौर के भागीरथपुरा में कांग्रेस नेताओं की टीम दूषित पानी के मामले को लेकर पानी की जांच करने के लिए पहुंची थी। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करते हुए मौके पर पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी की जाने लगी। भाजपा कार्यकर्ता बाहरी लोग वापस जाओ के नारे लगा रहे थे। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटा पार्टी मुर्दाबाद के नारे बुलंद कर दिए। दो दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद मौके पर भारी अफरातफरी के हालात उत्पन्न हो गये। हंगामा की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को समझाने बुझाने में जुटी हुई है।