बादल फटने से मची तबाही-मलबे में दबने से लड़की की मौत घरों में घुसा मलबा
इस प्राकृतिक आपदा की वजह से पूरे इलाके में तबाही मच गयी है।;
चमोली, उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली में शुक्रवार देर रात बादल फटने की घटना में सगवाडा तोक के काफलतोली, थराली बाजार, कोटदीप और तहसील थराली परिसर में बारिश का पानी और मलबा घुसने से काफी नुकसान हो गया है और मलब में दबकर लड़की की मौत हो गयी तथा अन्य एक बुजर्ग अभी भी लापता है। इस प्राकृतिक आपदा की वजह से पूरे इलाके में तबाही मच गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बादल फटने की घटना से थराली बाजार, कोटदीप, और तहसील थराली परिसर में भारी नुकसान हुआ है। तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी का आवास और आसपास के कई घरों में भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। तहसील परिसर, रामलीला मैदान, कोट डीप, चेपड़ो सड़क पर खड़ी कुछ गाड़ियां भी मलबे में दब गये हैं तेज बहाव और मलबे के कारण कस्बे की सड़कें टूट गयी हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डाक्टर संदीप तिवारी ने गौचर से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम घटना स्थल के लिए रवाना की गयी है। जिलाधिकारी भी शनिवार को थराली पहुंच गये हैं। उन्होंने बताया कि थराली की आपदा में क्षेत्र के सभी क्षेत्रों में बचाव और सुरक्षा के कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। आपदा से प्रभावित सडकों को खोला जा रहा है। प्रशासन के अलग अलग विभागों के अधिकारियों को बचाव और सुरक्षा सहित अन्य कार्यों में लगाया गया है ।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार थराली में देर रात 12 बजकर 48 मिनट पर टुनरी गदेरे में पानी बढ़ने के कारण तहसील परिसर एवं चेपड़ो बाजार, कोटद्वीप बाजार एवं कुछ घरों में मलबा घुस गया। कुछ वाहन भी मलबे में दब गये हैं। राजस्व उपनिरीक्षक, थराली द्वारा बताया गया है कि ग्राम सगवाडा में एक मकान में मलबा आने के कारण एक लड़की की मलबे में दबने से मौत हो गयी और एक अन्य बजुर्ग लापता है। जिस लड़की की मौत हुयी है उसकी पहचान कविता के रूप में हुयी है। वह सगवाडा गाँव की रहने वाली है। जबकि इस आपदा में चैपडों के गंगा दत्त जोशी लापता हैं।
खोज बचाव एवं राहत कार्य के लिए तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग, सिविल पुलिस, डीडीआरएफ, फायर सर्विस घटनास्थल पर मौजूद हैं। राहत एवं बचाव के लिए भारत तिब्बत सीमा पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और एसएसबी को घटना स्थल के लिए रवाना किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के जनप्रतिनिधियों से टेलीफोन पर वार्ता कर बादल फटने से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली। श्री धामी ने आपदा पर गहरा दुःख जताते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से राहत और बचाव कार्यों में जिला प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है। इसके साथ उन्होंने स्थानीय विधायक से वार्ता कर उनसे मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों का भौतिक निरीक्षण करने की अपेक्षा की है। इसके अलावा जिला प्रशासन को सभी प्रकार से जनता को राहत देने और आपदा की घटना से हुये नुकसान का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए हैं।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी इस आपदा पर दुख जताया है। इसके अलावा राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, “वह इस घटना से बहुत व्यथित हैं।”
राहत और बचाव कार्यों में पुलिस और प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं। इस आपदा में चेपड़ों बाजार मे 12 से अधिक दुकानें मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुई हैं। थराली तहसील क्षेत्र के सभी निकट क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर बनी है। इस आपदा में थराली-ग्वालदम मार्ग सहित क्षेत्र की 14 सड़कें अवरुद्ध हो गयी है। थराली-ग्वालदम मार्ग मींग गदेरेके पास मलबे और भारी बारिश के कारण अवरुद्ध हो गया है। सड़क खोलने के लिए तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। मौके से जिलाधिकारी तिवारी ने बताया थराली सहित मींग गदेरे की सड़क खोले जाने का कार्य जारी है। थराली से बैनोली और लोल्टी तक मार्ग कई स्थानों पर मलवा आने से बंद है। कुलसारी के पास एक स्थान पर मार्ग पूरी तरह से बह गया है।
जिला प्रशासन ने थराली तहसील के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को शनिवार को बंद रखने का आदेश दिया है।