CBI ने BJP कार्यकर्ता की हत्या के मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

कोलकाता की एक विशेष अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है।;

Update: 2025-06-26 12:21 GMT

कोलकाता, केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता अभिजीत सरकार की हत्या के मुख्य आरोपी अरुण डे को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार आरोपी डे को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। आरोपी 2021 के चुनावी हिंसा की घटना के बाद से फरार था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।

अरुण उत्तर कोलकाता के कंकुरगाछी निवासी सरकार की हत्या के पांच प्रमुख संदिग्धों में से एक है। यह घटना दो मई 2021 को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के तुरंत बाद हुई। चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने जीत हासिल की। शेष चार आरोपी सुखदेव पोद्दार उर्फ सुखा, गोपाल दास उर्फ विशाल, अमित और विश्वजीत दास उर्फ बम्बा फरार हैं।

इन पांचों आरोपियों की पहचान तृणमूल कांग्रेस से जुड़े स्थानीय कार्यकर्ताओं के रूप में की गई है और इनका उत्तरी कोलकाता के बेलेघाटा के विधायक परेश पॉल और कोलकाता नगर निगम के पार्षद स्वपन समद्दर से करीबी संबंध है। सीबीआई ने हालांकि श्री पॉल से पूछताछ की थी लेकिन उनका नाम एजेंसी की चार्जशीट में नहीं आया।

कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद सीबीआई ने इस मामले को अपने हाथ में ले लिया। सितंबर 2021 में कोलकाता की एक ट्रायल कोर्ट ने पांचों आरोपियों को भगोड़ा घोषित कर दिया। इसके बाद सीबीआई ने इनमें से प्रत्येक के बारे में जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया। अरुण को कोलकाता की एक विशेष अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News