मावा बेचकर लौट रही महिला का मर्डर- दिनदहाड़े सरेआम मारी गोली

उन्होंने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा किया है।;

Update: 2025-06-04 06:13 GMT

हरदोई। मावा बेचने के बाद वापस लौट रही बुजुर्ग महिला की सरेआम दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दिनदहाड़े मर्डर की वारदात से इलाके में सनसनी सी फैल गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की औपचारिकता पूरी करते हुए मर्डर करके फरार हुए युवक की तलाश शुरू कर दी है।

बुधवार को हरदोई जनपद के मल्लावा थाना क्षेत्र के इसरापुर गांव की रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला शांति देवी रोजाना की तरह बाजार में मावा बेचने के लिए गई थी। लौटते समय रास्ते में मिले गांव के ही पंचम नामक युवक ने महिला को दौड़ा लिया।

युवक से जान बचाने के लिए महिला नजदीक में ही एक घर के भीतर घुस गई, लेकिन आरोपी ने महिला का वहां भी पीछा नहीं छोड़ा और घर में घुसकर शांति देवी को गोली मार दी।

गोली लगते ही बुरी तरह से लहूलुहान हुई महिला के मौके पर भी प्राण पखेरू उड़ गए। दिनदहाड़े सरेआम महिला की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी हथियार को लहराता हुआ मौके से फरार हो गया।

दिनदहाड़े अंजाम दी गई मर्डर की वारदात से गुस्साए ग्रामीणों एवं परिजनों ने बिलग्राम- कन्नौज मार्ग पर जाम लगा दिया, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम लगा रहे लोगों को समझाया बुझाया।

सीओ रवि प्रकाश ने बताया है कि प्रथम दृष्टया आरोपी पंचम द्वारा शांति देवी की हत्या की गई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया है कि दिनदहाड़े महिला की हत्या की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीम में गठित की गई है। उन्होंने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा किया है।Full View

Tags:    

Similar News