दिसंबर अंत तक टीकाकरण का पूर्ण लक्ष्य हासिल हो जायेगा: धामी

आगामी तीन माह में उत्तराखंड में टीकाकरण के शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जायेगा।

Update: 2021-09-08 14:21 GMT

नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुश्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी तीन माह में उत्तराखंड में टीकाकरण के शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जायेगा।

नैनीताल के दौरे पर आये मुख्यमंत्री पुश्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में युद्धस्तर पर टीकाकरण किया जा रहा है जो कि आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण की मुहिम में शामिल कुछ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

दो दिनी दौरे पर आये मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का जो मौका उन्हें दिया है उसे वह अच्छी तरह से निभायेंगे। इस दौरान उनकी कोशिश रहेगी की उत्तराखंड देश का नंबर वन राज्य का दर्जा हासिल करे।

गोविन्द वल्लभ पंत पार्क पर आयोजित जनसभा में धामी ने कहा कि दो माह में वह प्रदेश के विकास के लिये 150 से अधिक घोषणायें कर चुके हैं। उनका लक्ष्य है कि उन्हें धरातल पर उतारा जाये। वे दुहराया वही घोषणायें करेंगे जिन्हें उनकी सरकार पूरी कर सके। वित्तीय स्थितियों का पूरी तरह से आकलन व आगणन के बाद वे विकास योजनाओं की घोषणायें कर रहे हैं।

उन्होंने प्रतिपक्ष के मुख्यमंत्रियों पर हवाई घोषणा करने का आरोप भी लगाया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि जनता के हित में तहसील दिवसों को पुनः शुरू किया जायेगा और अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस पर 10 से 12 बजे के मध्य जनता की समस्याओं को सुनेंगे और उनका निस्तारण करेंगे। उनकी सरकार ने भी जनता की समस्याओं के समाधान के लिये सरलीकरण, समाधान व निस्तारण जैसे उपायों पर जोर देने को कहा है। उन्होंने जनता को भरोसा दिया कि उनकी सरकार जनता की साझीदारी, भागीदारी व सहयोग से चलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से मुकाबले के लिये प्रदेश पूरी तरह से तैयार है। प्रदेश सरकार की ओर से सभी प्रकार के उपाय किये गये हैं। केन्द्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद प्रदेश को दी जा रही है। पिछले महीने केन्द्र सरकार की ओर से प्रदेश को टीकाकरण के लिये 25 लाख डोज उपलब्ध करायी गयी है।

उन्होंने नैनीताल शहर में भवनों की ऊंचाई बढ़ाने, बलियानाला का उपचार करने और कैंची धाम में आवश्यक अवस्थापना सुविधायें बढ़ाने की भी घोषणा की है। इसी के साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले की 110 करोड़ की लागत से तैयार 66 विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया।

कई स्वयं सहायता समूहों को सहायता राशि उपलब्ध करायी गयी। साथ ही केन्द्र सरकार के बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ के तहत प्रसिद्ध पर्वतारोही शीतल राज के नेतृत्व में सीबीटीएस की महिलाओं के एक दल को आदि कैलाश के लिये रवाना किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, विधायक संजीव आर्य, राम सिंह कैड़ा व जिला पंचायत अध्यक्ष बेलिया तोलिया भी मौजूद रहीं।


वार्ता

Tags:    

Similar News